इटारसी। डोलरिया रोड स्थित जैन इंडस्ट्रीज परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां एक खतरनाक कोबरा सांप दिखाई दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग और सर्पमित्रों की टीम ने मौके पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे जंगल में छोड़ दिया।
पन्नी के नीचे छिपा था सांप
मिली जानकारी के अनुसार, जैन इंडस्ट्रीज परिसर में बने एक घर में काम करने वाले मजदूर की पत्नी और बच्चा आराम कर रहे थे। तभी उन्हें वहां एक सांप घूमता हुआ दिखाई दिया, जिससे महिला बुरी तरह घबरा गई। इसकी जानकारी तुरंत वहां के सुपरवाइजर को दी गई, जिसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया।
वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देशन में वन्य जीव अभिरक्षक अभिजीत यादव और सर्पमित्र अभय चौरे तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम ने जब मैदान में रखे सामान पर ढकी एक बड़ी पन्नी को हटाकर देखा, तो वहां करीब 4 फीट लंबा ‘इंडियन ब्लैक कोबरा’ छिपा बैठा था। यह सांप बेहद जहरीला (न्यूरोटॉक्सिक) होता है। टीम ने सावधानीपूर्वक इस खतरनाक कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाद में उसे वन क्षेत्र में एक सुरक्षित स्थान पर प्राकृतिक आवास के लिए छोड़ दिया। इस त्वरित कार्रवाई से वहां मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।











