- सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने जताया पीएम और गडकरी का आभार
इटारसी। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 के इटारसी-बैतूल सेक्शन में स्थित टाइगर कॉरिडोर के दिन अब बहुरने वाले हैं। इस 22 किलोमीटर लंबे संवेदनशील वन क्षेत्र को 4-लेन में उन्नत करने के लिए केंद्र सरकार ने लगभग 758 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
इस बड़ी उपलब्धि पर होशंगाबाद-नरसिंहपुर सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।वन्यजीव सुरक्षा के लिए बनेंगे 11 अंडरपाससांसद श्री चौधरी ने बताया कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है। टाइगर कॉरिडोर में बाघों और अन्य वन्यप्राणियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हाईवे पर 11 विशेष अंडरपास और ओवरपास का निर्माण किया जाएगा।
आर्थिक विकास को मिलेगी नई गतिइस परियोजना के पूर्ण होने से पूरा ग्वालियर-बैतूल कॉरिडोर 4-लेन हो जाएगा। इससे न केवल सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि कृषि एवं खनिज संपदा से समृद्ध इस क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों के लिए माल परिवहन भी सुगम होगा। सांसद ने इसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक प्रगति के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया है।











