इटारसी। नगर में अखिल भारतीय अग्रवाल महिला महासभा द्वारा फिटनेस इंडिया अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। ईश्वर रेस्टोरेंट परिसर में आयोजित इस शिविर में डिवाइन वेलनेस सेंटर, भोपाल के विशेषज्ञों ने अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया और उन्हें बेहतर जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
नपाध्यक्ष ने भी कराई स्वास्थ्य जांच
शिविर के दौरान विशेष रूप से नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आयोजकों के इस सेवाभावी प्रयास की सराहना की और स्वयं भी अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अपील की कि व्यस्त दिनचर्या के बीच नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक है ताकि बीमारियों का समय रहते पता चल सके।
विशेषज्ञों ने दिए बेहतर स्वास्थ्य के टिप्स
अखिल भारतीय अग्रवाल महिला महासभा की अध्यक्ष एवं वार्ड 31 की पार्षद मनीषा अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में लगभग 40 लोगों ने पंजीयन कराकर जांच का लाभ लिया। शिविर में डिवाइन वेलनेस सेंटर की टीम से परमिता परमार, डॉ. अनीता गंजू एवं नितेश परमार ने उपस्थित रहकर लोगों को बॉडी स्कैनिंग और अन्य मशीनों के माध्यम से स्वास्थ्य रिपोर्ट प्रदान की। चिकित्सकों ने खान-पान और योग के माध्यम से स्वस्थ रहने की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महासभा की अध्यक्ष मनीषा आशुतोष अग्रवाल, शिल्पा मनीष अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, मीना अग्रवाल, अंजलि अग्रवाल, पूनम सूरज सिंह सोलंकी और नम्रता हितेश साहू का विशेष योगदान रहा। शिविर में संस्था के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में नगर के महिला एवं पुरुष उपस्थित थे, जिन्होंने इस नि:शुल्क सेवा का लाभ उठाया।










