इटारसी। मनीष शंकर शर्मा की स्मृति में आज कैरियर हॉस्पिटल, भोपाल और मुस्कान संस्था, इटारसी के सहयोग से एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार का लाभ लिया।
विधायक ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने मनीष शंकर शर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्य सचिव कृपा शंकर शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा, और पूर्व विधायक पं. गिरजा शंकर शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनके अलावा, कैरियर कॉलेज भोपाल के डायरेक्टर मनीष राजोरिया और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
400 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ठाकुर ने बताया कि शिविर में लगभग 400 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां एवं पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में कैरियर हॉस्पिटल, भोपाल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। मरीजों को परामर्श और उपचार प्रदान करने वाले प्रमुख डॉक्टरों में डॉ. विजय कुमार गुप्ता, डॉ. अनुपम मालवीय, डॉ. अनिकेत चौहान, डॉ. प्रभुल्ला परमार्थ, डॉ. निलेश बन्सोड़, एवं डॉ. सरिता अग्रवाल शामिल थे।
भविष्य में भी होंगे आयोजन
इस अवसर पर कैरियर कॉलेज भोपाल के डायरेक्टर मनीष राजोरिया ने घोषणा की कि उनका संस्थान भविष्य में भी इटारसी शहर में लगातार ऐसे आयोजन कर पीडि़त मानवता की सेवा करता रहेगा। शिविर को सफल बनाने में विशेष सहयोग देने वाले अरुण शर्मा एवं वैभव शर्मा का आभार स्मृति चिन्ह भेंट कर व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में सिवनी मालवा नपाध्यक्ष रिंकू जैन, भाजपा जिला महामंत्री ज्योति चौरे, मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, समाजसेवी हेमंत शुक्ला, सुधीर गोठी, सुनील बाजपेयी, जगदीश मालवीय, और टीटू सलूजा सहित अन्य गणमान्यजन भी उपस्थित थे।








