---Advertisement---

होशंगाबाद लोकसभा में दोपहर 1 बजे तक 45.71 फीसद मतदान

By
—
On:
Follow Us

इटारसी। लोकसभा चुनाव में मतदान को गर्मी तो प्रभावित कर रही है, लेकिन जितना शादियों से प्रभावित होने की आशंका थी, वैसा नहीं लग रहा है, क्योंकि बड़ी संख्या में दूल्हा-दुल्हन अपने परिजनों के साथ मतदान केन्द्रों पर मतदान करने पहुंच रहे हैं। अधिकारी अब भी मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

इटारसी नगर पालिका सीएमओ ने आज दोपहर में बाजार में दुकानों पर जाकर दुकानदारों से मतदान करने का आग्रह किया और उनसे आवश्यक मतदान का वादा भी लिया। वे अपनी टीम के साथ लगातार मतदान केन्द्र पर भी जा रही हैं और नगर में मतदाताओं को भी मतदान केन्द्र तक भेजने के लिए जुटी हुई हैं। तेज गर्मी के कारण कई मतदान केन्द्रों पर गति धीमी है और कई जगह तो दस से पंद्रह मिनट तक मतदान दलों को मतदाताओं का इंतजार करना पड़ रहा है।

दोपहर 1 बजे तक मतदान

दोपहर 1 बजे तक संसदीय क्षेत्र होशंगाबाद में 45.71 प्रतिशत मतदान हो चुका था। विधानसभावार मतदान का प्रतिशत देखें तो गाडरवारा में 45.98 प्रतिशत, होशंगाबाद में 39.53 प्रतिशत, नरसिंहपुर में 45.04 प्रतिशत, पिपरिया में 50.50 प्रतिशत, सिवनी मालवा में 48.24 प्रतिशत, सोहागपुर में 47.72 प्रतिशत, तेंदूखेड़ा में 47.59 प्रतिशत और उदयपुरा में 41.49 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।

दिग्गजों ने किया यहां मतदान

चुनाव में दिग्गज नेताओं, जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों ने भी मतदान किया है। मध्यप्रदेश क परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विधानसभा-120, तेंदूखेड़ा स्थित अपने गृहग्राम लोलरी में मतदान केंद्र क्रमांक 44 में सपरिवार पहुंचकर मतदान किया। मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व महामंत्री एवं प्रवक्ता माणक अग्रवाल ने भी अपनी पत्नी के साथ इटारसी में स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बने मतदान केन्द्र में मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि देश में इंडिया गठबंधन की सरकार राहुल गांधी के नेतृत्व में बन रही है।

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष माधवदास अग्रवाल ने गृहनगर पिपरिया में सपरिवार मतदान किया। उन्होंने सभी मतदाताओं से अनुरोध करते हुए कहा मतदान अवश्य करें। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने भी कन्या शाला में मतदान किया। एसडीओपी महेन्द्र सिंह चौहान ने स्टेशनगंज स्कूल के मतदान केन्द्र पर मतदान किया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आरके चौधरी ने परिवार सहित एमजीएम कालेज के मतदान केन्द्र पर मतदान किया।

पार्षद कल्पेश अग्रवाल, युवा नेता राहुल चौरे, वर्धमान ग्रुप के संचालक प्रशांत जैन ने कन्या महाविद्यालय के मतदान केन्द्र पर मतदान किया। रामानुजाचार्य सम्प्रदाय के युवराज स्वामी श्रीश्री 1008 रामकृष्णाचार्य ने भी कन्या महाविद्यालय के मतदान केन्द्र पर वोट डाला। विधायक डॉ. शर्मा ने मराठी स्कूल में सपत्नीक वोट डाला, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजकुमार उपाध्याय ने अपने मतदान केन्द्र पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया।

Rohit Nage

रोहित नागे वरिष्ठ पत्रकार एवं समाचार संपादक हैं, जिन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता में स्नातक किया है तथा लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, राज एक्सप्रेस, पीपुल्स समाचार, नवभारत सहित अनेक प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में रिपोर्टर, उप-संपादक, ब्यूरो प्रमुख एवं न्यूज़ इंचार्ज के रूप में कार्य किया है। वे Narmadanchal.com के रिपोर्टर, उप-संपादक, एवं न्यूज़ इंचार्ज के रूप में कार्य कर रहे हैं और नर्मदांचल क्षेत्र की निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय समाचारों पर विशेष रूप से लेखन एवं संपादन कार्य कर रहे हैं।

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Advertisement

Related News

Leave a Comment

Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.