नर्मदापुरम। आज वन महोत्सव 2026 के अंतर्गत एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसका शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ।
पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी और राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने शिरकत की। दोनों जन प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा और वनमंडलाधिकारी गौरव शर्मा सहित अन्य अधिकारियों व नागरिकों के साथ मिलकर पौधारोपण किया।
इस अभियान के दौरान नर्मदा तट पर वट, पीपल, अर्जुन, चिरोल, नीम और आंवला जैसी फलदार व छायादार प्रजातियों के कुल 600 पौधे रोपे गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने वृक्षारोपण को पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम बताया और लोगों से पौधों की देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने वन विभाग और लायंस क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों से इसे एक जन आंदोलन बनाने की अपील की। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव सहित वन विभाग के तमाम अधिकारी, लायंस क्लब के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय जन मौजूद रहे।











