- 22 गंभीर अपराधों के आरोपी माफिया नितेश कुचबंदिया के इशारे पर हो रही थी तस्करी, मुख्य आरोपी फरार
- पुलिस ने कुल 1,09,220 रुपये का माल किया बरामद, 21 वर्षीय लकी जाटव को भेजा गया जेल
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा के निर्देशन में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहात थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक शराब तस्कर को दबोचा है, जो कुख्यात शराब माफिया नितेश कुचबंदिया के इशारे पर अवैध शराब की डिलीवरी देने जा रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में देशी मदिरा, बियर, एक आईफोन और बिना नंबर की एक्सेस मोपेड जब्त की है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर बड़ी पहाडिय़ा के पास घेराबंदी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जतेंद्र कुमार पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी देहात निरीक्षक उषा मरावी के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रख रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लंबे बालों वाला और काले कपड़े पहने एक व्यक्ति मोपेड से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर बड़ी पहाडिय़ा की ओर आ रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए देहात पुलिस की टीम बड़ी पहाडिय़ा के पास तैनात हो गई। कुछ ही देर में डबल फाटक की ओर से संदेही मोपेड से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह बगल के रास्ते से भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर धर दबोचा।
तलाशी में मिली 69 लीटर शराब, आईफोन और गाड़ी जब्त
पुलिस द्वारा मोपेड की तलाशी लेने पर पायदान पर रखी बोरियों में से: 02 पेटी बीयर, 04 पेटी देशी मदिरा प्लेन, डिग्गी की तलाशी में सफेद बोरी में देशी मदिरा प्लेन के क्वार्टर जब्त किए। जब्त कुल अवैध शराब 69 लीटर है जिसकी कीमत लगभग 24,200 रुपए है। बिना नंबर की एक्सेस मोपेड की कीमत लगभग 50,000 और घटना में प्रयुक्त आईफोन लगभग 35,000 रुपए सहित कुल जब्त संपत्ति 1,09,220 रुपए है।
22 मुकदमों का आरोपी नितेश फरार
पकड़े गए आरोपी से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम लखन उर्फ लक्की जाटव उम्र 21 वर्ष, निवासी बालागंज, नर्मदापुरम बताया। शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने कबूला कि वह यह शराब नितेश कुचबंदिया निवासी कचरा पट्टी खोजनपुर के कहने पर अलग-अलग दुकानों से बेचने के लिए ला रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी लखन उर्फ लक्की जाटव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि मामले का मुख्य आरोपी नितेश कुचबंदिया फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इस पूरी कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी निरीक्षक उषा मरावी, उप निरीक्षक सुखनंदन नरें, सहायक उप निरीक्षक प्रवीण शर्मा, प्रधान आरक्षक नवीन दुबे, राजेश जैन, महेंद्र सिंह धुर्वे, जितेन्द्र राजपूत एवं आरक्षक कपिल विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











