नर्मदापुरम। आज डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाते हुए, शासकीय एसएनजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नर्मदापुरम के सभागृह में एक भव्य जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस समारोह में उन शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं में अपने विषयों में 100% परिणाम दिया है, और साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया है। कार्यक्रम में कुल 80 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित करने वालों में जिला शिक्षा अधिकारी ज्योति प्रहलादी, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक राजेश गुप्ता, ए.पी.सी विनोद तिवारी, जिला परियोजना समन्वयक राजेश जयसवाल, प्राचार्य साधना बिल्थरिया और संदीप शुक्ला शामिल थे। सभी सम्मानित शिक्षकों को शॉल, श्रीफल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य डी.एन. व्यास को विशेष सम्मान
कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डी.एन. व्यास ने किया। उनके उत्कृष्ट मंच संचालन और उनकी संस्था के 100% परीक्षा परिणाम के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने उनकी विशेष सराहना की और उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।इस अवसर पर शिक्षा विभाग के कई प्राचार्य, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।








