श्री द्वारिकाधीश मंदिर परिसर में 9 दिनी श्री रामजन्म महोत्सव का आगाज कल से

Post by: Rohit Nage

– मानसमणि नीलम गायत्री के श्रीमुख से होंगे श्रीराम कथा के प्रवचन

इटारसी। समूचे नर्मदांचल सहित इटारसी की धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर में श्री रामजन्म महोत्सव समिति द्वारा चैत्र नवरात्रि में 9 दिवसीय श्री रामजन्म महोत्सव का 61 वे वर्ष में कल मंगलवार को भव्य आगाज होगा। कार्यक्रम को लेकर समिति द्वारा विशेष तैयारियां की गई हंै।

समिति के अध्यक्ष सतीश अग्रवाल सांवरिया एवं कार्यकारी अध्यक्ष विपिन चांडक, सचिव अशोक शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में श्री द्वारिकाधीश मंदिर प्रांगण में चित्रकूट से पधारी जगतगुरु रामभद्राचार्य जी को परम शिष्या राष्ट्रीय मानस प्रवक्ता मानसमणि साध्वी पंडित नीलम गायत्री के मुखारविंद से श्री राम कथा के प्रवचन होंगे। अध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि श्री राम जन्म महोत्सव के अंतर्गत 9 अप्रैल से 16 अप्रैल तक प्रतिदिन सायंकाल 7 बजे से रात्रि 9.50 बजे तक प्रवचन होंगे। श्री रामचरितमानस के नव्हान पारायण का गायन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से श्री द्वारिकाधीश सत्संग हॉल में होगा। 17 अप्रैल को दोपहर 12 बजे ठाकुर श्री द्वारिकाधीश की प्रतिमा के समक्ष श्री राम जन्म महोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन प्रवचन प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होंगे। इस दिन आकर्षण का केंद्र ठाकुर श्री द्वारकाधीश होंगे जिन्हें धनुर्धारी राम बनाया जाएगा।

17 अप्रैल को सायंकाल 5 बजे विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएगी। जो श्री द्वारिकाधीश मंदिर की परिक्रमा करते हुए मराठी स्कूल, आठवीं लाइन चौराहा से नवमी लाइन सांवरिया हाउस से होते हुए साईराजा परिसर के बाजू से सातवीं लाइन होते हुए सराफा बाजार से तीसरी लाइन होते हुए पहली लाइन में स्थित श्री राम जानकी मंदिर के सामने से नीमबाड़ा पहुंचेगी एवं यहां से जय स्तंभ चौक होते हुए वापस द्वारकाधीश बड़ा मंदिर पर विश्राम लेगी। अयोध्या में प्रभु श्री राम लाल के विराजित होने पर पूरे मंदिर परिसर को सजाया जा रहा है। इस वर्ष का विशेष आकर्षण रामजी की शोभायात्रा में विभिन्न चलित झाकियां रहेंगी। श्रीराम जन्म महोत्सव समिति के सचिव अशोक शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रकाश मिश्रा ने धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने का अनुरोध किया है।

मार्ग में होगी विशेष साजसज्जा

उक्त आयोजन मां दुर्गा के आराधना के समय चैत्र नवरात्र में किया जा रहा है जिसके चलते आयोजन को लेकर पूरे बाजार को भगवा झंडियों से सजाया जाएगा। जगह-जगह तोरण द्वार बनाए जाएंगे। मंदिर में कथास्थल के अलावा पंडाल एवं रंग-बिरंगी रोशनी की जाएगी। संपूर्ण आयोजन लोकसभा चुनाव के कारण जारी आचार संहिता के चलते चुनाव आयोग के नियमों का पालन किया जाएगा। इस बार जारी प्रचार सामग्री में किसी भी पदाधिकारी का नाम प्रकाशित नहीं किया है। श्री राम जन्म महोत्सव समिति के मुख्य संरक्षक अध्यक्ष श्री द्वारिकाधीश राम जानकी मंदिर समिति के मार्गदर्शन में समस्त कार्यक्रम होंगे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!