अभा महात्मा गांधी कप हॉकी प्रतियोगिता 25 मार्च से, रूपरेखा तैयार

दो नवोदित खिलाडिय़ों का सम्मान
इटारसी। होशंगाबाद जिले की प्रतिष्ठित अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हॉकी प्रतियोगिता इस वर्ष 25 मार्च से 1 अप्रैल तक होगी। रविवार को दोपहर यहां गांधी वाचनालय में जिला हॉकी संघ की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान ही साई हॉस्टल औरंगाबाद में चयन होने पर शहर के दो नौनिहालों का स्वागत भी किया। करीब पौने दो घंटे चली बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रतियोगिता की तिथि पर गहन विचार के बाद 25 मार्च तक किया गया।
जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष सुरेश दुबे की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रतियोगिता में सचिव एससी लाल, वरिष्ठ खिलाड़ी, यूनुस सिद्दीकी, रूबीन खान, दीपक जेम्स, कन्हैया गुरयानी, अरुण राबर्ट, दीप सिंह ठाकुर, शेख नियाज, राजेश सिंह, रविन्द्र जोशी, इलियाजऱ, जयसिंह भदौरिया, मो. जाफर, नपा में सभापति जसबीर सिंघ छाबड़ा, रवि हरदुआ, परमीत सिंघ भाटिया सहित अनेक युवा और वरिष्ठ खिलाडिय़ों ने अपनी राय दी और प्रतियोगिता में कम से कम बीस टीमें शामिल करने पर सहमति बनी। इनमें 12 टीमें बड़ी और 8 टीमें राज्य स्तरीय रहेंगी।

सीएम से मिलेगी कमेटी
नगर पालिका परिषद द्वारा जिला हॉकी संघ के तत्वावधान में होने वाली अखिल भारतीय महात्मा गांधी कप के लिए जल्द ही आयोजन समिति और जिला हॉकी संघ के सदस्य विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलेंगे। संघ के अध्यक्ष सुरेश दुबे ने नपा को भी जल्द ही पत्र दिया जाएगा साथ ही प्रदेश से टूर्नामेंट के लिए एक राशि निश्चित हो जाए, यह प्रयास विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर से हमें आर्थिक मदद मिलने लगेगी तो हम आगामी वर्ष से जनवरी माह में ही यह प्रतियोगिता कराएंगे।

इस वर्ष मार्च-अप्रैल में होगी
इस वर्ष अभा हॉकी प्रतियोगिता मार्च-अप्रैल में होगी। दरअसल, पहले यह प्रतियोगिता की तिथि अप्रैल के प्रथम सप्ताह में कराने का विचार आया था। लेकिन, अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में वैवाहिक सीजन होने से प्रतियोगिता को एक सप्ताह पूर्व कराने का निर्णय लिया है। वैवाहिक सीजन के दौरान शहर में होटल-लॉज में बुकिंग रहती है और बाहर से आने वाली टीमों को ठहराने के लिए जगह नहीं मिलती है। इसके अलावा अप्रैल माह में और आगे प्रतियोगिता कराने से गर्मी का असर बढ़ जाएगा। ऐसे में यह प्रतियोगिता मार्च के अंतिम सप्ताह में कराने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

विस और नपाध्यक्ष से हरी झंडी
अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर के सम्मान समारोह के दौरान स्वयं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए हरी झंडी दे दी थी। इसी के साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष से भी इसके लिए आश्वासन मिला चुका है। ऐसे में आयोजन समिति को तैयारी शुरु करना है। आज की बैठक में इन्हीं सारे विषयों पर जिला हॉकी संघ के सदस्यों से उनकी राय लेकर निर्णय लिए गए हैं। सभी सदस्यों ने एकमत से हॉकी प्रतियोगिता कराने के लिए अपनी राय रखी है और प्रतियोगिता में सभी ने एकजुटता से सफलता के लिए काम करने की सहमति प्रदान की।

it18218
दो नवोदित खिलाडिय़ों का सम्मान
जिला हॉकी संघ की बैठक के दौरान कोच कन्हैया गुरयानी ने जानकारी दी कि पिछले दिनों साई हॉस्टल में चयन प्रक्रिया के दौरान गांधी मैदान में खेलने वाले दो नौनिहालों लक्ष्मण खत्री और गिरीश अहिरवार ने अच्छा प्रदर्शन किया और उनका चयन साई हॉस्टल औरंगाबाद के लिए हो गया है। लक्ष्मण 13 वर्ष, अभी फे्रन्ड्स स्कूल में कक्षा सातवी का और गिरीश 14 वर्ष, कक्षा आठवी का छात्र है। सभी ने करतल ध्वनि से दोनों बच्चों का स्वागत किया। वरिष्ठ खिलाड़ी राजेश सिंह ने दोनों बच्चों को पुरस्कृत किया। जिला हॉकी संघ अध्यक्ष सुरेश दुबे ने दोनों को पुरस्कार प्रदान किया। वरिष्ठ खिलाडिय़ों ने दोनों को आशीर्वाद दिया और संघ की ओर से उनको बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!