खबर अपडेट : बारात में गोली लगने से घायल दोनों बाराती की मौत

इटारसी। सुहाग मैरिज हाल में आयोजित एक विवाह समारोह में सोमवार की रात बारात के पूर्व हर्ष फायर के दौरान घायल दोनों बारातियों की मौत हो गई है। घायल बुजुर्ग विनोद मिश्रा के शरीर में धंसे छर्रे निकालने के दौरान नर्मदा अस्पताल के आपरेशन थिएटर में हृदयाघात से मौत हो गई। विनोद मिश्रा की मौत के बाद उसके परिजनों ने नर्मदा अस्पताल में उतनी रात को ही काफी हंगामा किया। परिजनों के हंगामे को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन को पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस ने काफी देर परिजनों को समझाया तो उनका गुस्सा कम हुआ।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार विनोद मिश्रा के शरीर से सात छर्रे निकाले जा चुके थे, शेष छर्रे काफी गहरे धंसे थे, उनको निकाला जाता उसके पहले ही हृदयाघात से उनकी मौत हो गई। टीआई आरएस चौहान ने बताया कि दूसरे घायल दुर्गेश केवट को इटारसी से होशंगाबाद और वहां से हालत गंभीर होने पर भोपाल रैफर किया था। उसकी भी उपचार के दौरान मौत होने की सूचना आयी है। टीआई के अनुसार हर्ष फायर करने वाले शैलेष पिता आरबी पाठक को हिरासत में ले लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है। जिस गन से फायर किया था, वह 12 बोर की बंदूर है, उसे भी जब्त किया है। शीघ्र ही उसकी गिरफ्तारी करके न्यायालय में पेश किया जाएगा।
रोकने पर भी नहीं रुका था
गौरतलब है कि बारात में हर्ष फायर करने वाला मृतक विनोद मिश्रा का ही रिश्तेदार है, जबकि दूसरा मृतक दुर्गेश केवट विनोद मिश्रा का नौकर था। टीआई श्री चौहान के अनुसार मर्ग डायरी आने के बाद पुलिस आगे की कार्यवाही करेगी। बताया जाता है कि घटना के पूर्व समीप ही रहने वाले मो. सईद ने संबंधित को फायर करने से रोकने का प्रयास किया था, लेकिन उनके अपने आफिस के भीतर जाते ही युवक ने फायर कर दिया। फायरिंग की यह घटना समीप के एक आफिस के सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हुई है, उसकी आधार पर पुलिस ने शैलेष पिता आरबी पाठक को हिरासत में लिया है। घटना के तुरंत बाद गोली चलाने वाले युवक और एक अन्य दोनों घायलों को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय चिकित्सालय लेकर गए जहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को होशंगाबाद रैफर कर दिया था, जहां विनोद मिश्रा की मौत हो गयी।
अति उत्साह में चला दी गोली
वाकया, सोमवार की रात करीब सवा नौ बजे का है। सुहाग मैरिज हाल में बरेली जिला रायसेन से बारात आयी थी। वधु पक्ष के लोग देवास से यहां आए थे। यहां कृष्ण कुमार तिवारी की शादी थी। बारात लगने के पूर्व ही अति उत्साह में एक युवक ने हर्ष फायर कर दिया। गोली वहां पास ही खड़े दुर्गेश पिता चंपालाल केवट 30 वर्ष की दाहिनी बांह पर लगी जिससे उसका हाथ लटक गया। दुर्गेश मिश्रा परिवार का नौकर बताया जा रहा है। डाक्टर विवेक चरण दुबे ने दोनों को प्राथमिक उपचार देकर होशंगाबाद रैफर किया। डॉ. दुबे के अनुसार दुर्गेश की हालत गंभीर है, क्योंकि उसका ब्लड प्रेशर काफी कम हो गया है। घटना के दौरान ही वहीं खड़े विनोद पिता बाबूलाल मिश्रा 62 वर्ष की पीठ में करीब 27 छर्रे लगे थे। उनको उपचार के लिए नर्मदा अस्पताल भेजा गया था जहां देर रात उपचार के दौरान हृदयाघात से उनकी मौत हो गयी।
इनका कहना है…
रात में बारात के दौरान हर्ष फायर की घटना में घायल विनोद मिश्रा 62 वर्ष और दूसरे घायल दुर्गेश केवट की मौत की खबर मिली है। आरोपी को हिरासत में ले लिया है। घटना में प्रयुक्त 12 बोर की बंदूक जब्त कर ली है। शीघ्र ही आरोपी की गिरफ्तारी कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
आरएस चौहान, टीआई

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!