हॉकी की नर्सरी इटारसी से निकले चार होनहार…!
इटारसी। जिला हॉकी संघ के मार्गदर्शन में हॉकी का प्रशिक्षण ले रहे चार और खिलाडिय़ों ने उपलब्धि हासिल की है। इनमें से दो खिलाड़ी मुंबई लीग, एक कोलकाता लीग में खेलकर आए हैं तो चौथे खिलाड़ी का चयन साई हॉस्टल मुंबई में हो गया है। इन चारों खिलाडिय़ों को हॉकी खेल अपने पिता से विरासत में मिला है। पहले गुरु पिता से शुरुआती गुर सीखने के बाद इन होनहार खिलाडिय़ों को गांधी मैदान पर सीनियर्स से गुर सीखने को मिले और इन्होंने जिला हॉकी संघ के मार्गदर्शन और अनुशंसा पर देश की नामी प्रतियोगिताओं तक अपनी पहुंच बना ली। आज दोपहर जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष सुरेश दुबे ने इन खिलाडिय़ों को स्वागत कर बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बाल्यकाल से अपने पिता को हॉकी खेलते देखने वाले विवियन मार्टिन के पिता मार्टिन मथियास को अपने बेटे पर फख्र है। बेटे ने अपने प्रदर्शन से मुंबई लीग में सबका मन मोह लिया है। सेंट्रल रेलवे मुंबई की टीम से विवियन के साथ प्रशांत पिता गजेन्द्र तोमर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर लौटे हैं। दोनों ने 19 फरवरी से 28 फरवरी तक मुंबई लीग में भाग लिया है। विवियन भोपाल में बी कॉम की पढ़ाई कर रहे हैं तो प्रशांत खेलने के साथ ही अपनी रोजी दूध बेचकर चलाते हैं। इसी तरह प्रशांत के भाई विशाल तोमर भी कोलकाता लीग में खेलने शुक्रवार 2 मार्च की शाम को इटारसी से रवाना हो रहे हैं। दोनों के पिता भी अपने समय में हॉकी खेलते थे।
शहर के एक और होनहार जैद खान का चयन साई अकादमी मुंबई में हो गया है। इससे पहले जैद के नाम कई उपलब्धियां हैं। जैद मुंबई में साई हॉस्टल की ओर से 26, 27 और 28 फरवरी को हुई चयन प्रतियोगिता में शामिल हुए थे। वे हॉकी खिलाड़ी और टेलरिंग का काम करने वाले इदरीश खान के बेटे हैं। कोच कन्हैया गुरयानी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से शहर की हॉकी को देश में काफी सम्मान मिल रहा है, यह सब जिला हॉकी संघ के मार्गदर्शन और सहयोग से ही संभव हो पा रहा है। इन होनहार खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर जिला हॉकी संघ के सदस्यों ने शुभकामना दी है।