साठ हजार किसानों को मिले डेढ़ सौ करोड़ रुपए

इटारसी। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना में मप्र में सबसे ज्यादा किसानों को फायदा होशंगाबाद जिले में मिला है। जहां मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले से इस योजना के अंतर्गत वहां के किसानों को केवल 38 करोड़ रुपए खाते में पहुंचाए हैं, वहीं होशंगाबाद जिले में सबसे अधिक 60 हजार किसानों को 150 करोड़ रुपए खाते में पहुंचाए हैं। आज कृषि उपज मंडी परिसर में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को दो सौ रुपए प्रति क्विंटल के मान से राशि खाते में डिपाजिट की है।
कार्यक्रम में मप्र विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, जिला भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष हरिशंकर जैसवाल, कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष विक्रम तोमर, सहकारी बैंक के संचालक पीयूष शर्मा, अनिल बुंदेला, जयकिशोर चौधरी, जिला पंचायत सदस्य मनोजर बैंकर, देवेन्द्र चौधरी, पप्पू वर्मा, उन्नत किसान रामसेवक रावत, कृषि उप संचालक जितेन्द्र सिंह, लखन राय, मंडी सचिव सुनील गौर, केसला जनपद अध्यक्ष गनपत उईके, अपर कलेक्टर मनोज सरियाम, सीईओ जिला पंचायत पीसी शर्मा, एसडीएम राधेश्याम बघेल सहित कृषि विभाग के अनेक अधिकारी-कर्मचारी और जिलेभर के किसान उपस्थित थे।

योजना पर ये बोले नेता
मप्र विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा ने हालांकि समय अभाव के कारण मंच से तो कुछ नहीं कहा, अलबत्ता प्रेस से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना का सबसे अधिक फायदा पूरे प्रदेश में हमारे जिले को हुआ है। यहां के सबसे अधिक किसानों को इसका लाभ मिल रहा है। आज उन किसानों के खाते में राशि पहुंच जाएगी जिनका खाता भारतीय स्टेट बैंक में है। अगले दो दिन में सहकारी बैंक और अन्य बैंकों में खाताधारक किसानों के खाते में राशि पहुंच जाएगी। विधायक सोहागपुर ठाकुर विजयपाल सिंह ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में अनेक कार्य किए हैं। उनके कार्य इतने हैं जितने कभी बीते 70 वर्ष में भी किसी सरकार ने नहीं किए हैं। एक वक्त किसानों को डीजल, खाद, बीज, बिजली समय पर नहीं मिलती थी, आज ये सारी चीजें मिल रही हैं और किसानों की मेहनत से ही प्रदेश को कृषि कर्मण पुरस्कार मिल रहा है।

एलईडी पर सीएम का भाषण सुना
कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सैंकड़ों किसानों को आज स्थानीय नेताओं के अलावा मुख्यमंत्री का भाषण भी सुनने को मिला। टेक्नोलॉजी का भरपूर फायदा उठाते हुए शाजापुर में हुए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था मंडी परिसर में की गई थी। यहां दो बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगायी थी, इन पर मुख्यमंत्री के सीधे भाषण दिखाने की व्यवस्था थी। मुख्यमंत्री के भाषण को किसानों ने पूरी तन्मयता से सुना और एक वक्त किसानों की खुशी का ठिकाना न रहा जब मुख्यमंत्री ने होशंगाबाद जिला और इस जिले की सतपुड़ा बेल्ट का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के एक लाख 30 हजार हेक्टेयर में अतिरिक्त पानी की व्यवस्था की जाएगी। सीएम श्री चौहान ने दो बार होशंगाबाद और सतपुड़ा बेल्ट का जिक्र किया और यहां के किसानों को भी प्रदेश के किसानों के साथ भरोसा दिलाया कि जब तक वे सीएम हैं, किसी भी किसान को निराश नहीं होने देंगे।
it16418 2
इन किसानों को मिले प्रमाण पत्र
अतिथियों ने सांकेतिक तौर पर मंच से कुछ किसानों को उनके खाते में पहुंची राशि के प्रमाण पत्र प्रदान किए। जिन किसानों को ये प्रमाण पत्र मिले उनमें हुकुमचंद पटेल पिता सालिगराम 18 हजार रुपए, हजारी पिता परसराम 11 हजार, पीयूष शर्मा 2 लाख 39 हजार, 8 सौ रुपए, अनिल बुंदेला 60 हजार, विनोद द्वारकाप्रसाद 35 हजार, अनूप सिंह पिता गुलाब सिंह 25 हजार, रविशंकर पिता मूलचंद 77 हजार रुपए, नारायण पिता आलमचंद 17,200 रुपए, आलोक पिता शिवकुमार 15 हजार, बाबूलाल पिता दीवान सिंह के खाते में 16 हजार रुपए पहुंचे हैं। इनके अलावा हजारों अन्य किसानों के खाते में राशि पहुंची है और अगले दो दिन में खाते में राशि जमा होने का काम किया जाएगा।

सीएम रखते सबका ख्याल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की योजना जन्म से लेकर मृत्यु तक के लिए है। उनको हर वर्ग की चिंता है। यह सब कांग्रेस सरकारों के वक्त नहीं होता था। वर्तमान सरकार की योजनाओं से किसान सहित सभी वर्ग खुश है।
श्रवण पटेल, किसान धौंखेड़ा

शिवराज सिंह और उनकी सरकार बड़े भाई या पिता जैसी भूमिका में हैं। उनको हर वर्ग की परेशानी का ख्याल रहता है और जनता को तकलीफों से कैसे बाहर निकालें, इसके लिए योजनाएं तैयार करते रहते हैं।
आलोक वर्मा, किसान सोहागपुर

किसानों को जो भी जरूरत होती है, उसका यह सरकार खास ध्यान रखती है। उनकी हर जरूरत का ख्याल रखा जाता है। बीमा, समर्थन मूल्य के अलावा भी सरकार ने हर चीज का ख्याल रखा है ताकि किसान समृद्ध हो।
अनिल बुंदेला, किसान डोलरिया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिस तरह से हर वर्ग का ख्याल रखा है, उससे उनका किसान हितैषी चेहरा सामने आता है। वे निरंतर किसानों के साथ प्रदेश के हर वर्ग का ध्यान रखते हैं और उनके हित की योजना बनाते हैं।
पीयूष शर्मा, किसान होशंगाबाद

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!