मप्र में चौथी बार बनेगी भाजपा की सरकार : राकेश सिंह

इटारसी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और जबलपुर के सांसद राकेश सिंह ने कहा है कि 2018 का चुनाव चुनौती है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम यह चुनाव भी जीतेंगे और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चौथी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि होशंगाबाद जिले की भी चारों सीटें पार्टी जीतेगी।
वे यहां इटारसी रेस्ट हाउस परिसर में उनके आगमन पर आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कार्यकर्ताओं का पहला संबोधित इटारसी में ही दिया है। श्री सिंह ने दावा किया कि मुटठी भर लोगों से शुरु हुई पार्टी के आज 11 करोड़ सदस्य हैं जो पार्टी को इस वर्ष प्रदेश में और अगले वर्ष देश में फिर से जिताएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने का कांग्रेस का सपना है, उसे अभी 50 वर्ष इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सांसदों से वीडियो कांन्फ्रेंसिंग के जरिए बात कर रहे हैं, उनका स्पष्ट संदेश है कि राजनीति सत्ता का सुख भोगने का नहीं सेवा का माध्यम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सरकार संभालने के साथ जनता की सेवा का व्रत लिया है।

it22418 1
इस अवसर पर मप्र विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, सिवनी मालवा विधायक सरताज सिंह, सोहागपुर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष अभिलाष पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल, होशंगाबाद नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल, विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, नगर भाजपा अध्यक्ष नीरज जैन, सांसद प्रतिनिधि दीपक अग्रवाल, युमो जिलाध्यक्ष प्राशुं राणे, नगर इटारसी अध्यक्ष राहुल चौरे, अजा मोर्चा अध्यक्ष मनजीत कलोसिया, युमो के गोपाल शर्मा सहित जिले की महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के पदाधिकारियों सहित नगर पालिका इटारसी के पार्षद और इटारसी और होशंगाबाद के सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

मीडिया से हुए रूबरू
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मीडिया के कुछ सवालों के जवाब दिए तो एक सवाल पर बिना कोई जवाब दिए उठकर चल दिए। गुटबाजी के सवाल को पूरी तरह से दरकिनार करते हुए उन्होंने कहा कि कभी विचारों में अंतर रहा होगा, लेकिन फिलहाल तो कार्यकर्ता एकजुट होकर 2018 के चुनाव में लग गया है। रेत माफियाओं के बुलंद हौसले संबंधी सवाल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार इसलिए काम कर रही है, लेकिन इसमें जनता को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। मीडिया को लेकर दिए बयान कि पैसे लेकर मीडिया खबर छापती है, वाले उनके बयान पर वे बोले कि मैं मानसिक रूप से विक्षिप्त नहीं हूं कि ऐसा कोई बयान मैं दूं, इसकी कोई संभावना नहीं है, उसको तोड़-मरोड़कर पेश किया है, कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकने की जरूरत है।

रेस्ट हाउस में वीसी में शामिल हुए
भारतीय जनता पार्टी की नगर इकाई ने प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत समारोह का समय दिया था सुबह 10 बजे का। लेकिन, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह निर्धारित समय से लेट करीब 10:30 बजे आए और रेस्ट हाउस के एक कमरे में जाकर बैठ गए। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा और भाजपा के जिलाध्यक्ष हरिशंकर जैसवाल भी थे। कमरे के भीतर राकेश सिंह ने प्रधानमंत्री की वीडियो कांफ्रेंस अपने मोबाइल के जरिए अटेंड की। उन्होंने कहा कि इस वीडियो कॉफ्रेंस को बीच में नहीं छोड़ सकते हैं। इस बीच जिलाध्यक्ष हरिशंकर जैसवाल ने मीडिया को बात करने भीतर जाने को कहा। हालांकि वीसी चलने के कारण मीडिया से उस वक्त बात नहीं हो सकी, और वे समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से मिले।

सेल्फी काम्पटीशन चली
रेस्ट हाउस परिसर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह के स्वागत का कार्यक्रम था। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष की गाड़ी रेस्ट हाउस के सामने आकर रुकी भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी भी की। गाड़ी से उतरते ही भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उनको रेस्ट हाउस के भीतर ले जाया गया। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर सैंकड़ों कार्यकर्ता रेस्ट हाउस परिसर में एकत्र थे और उनकी गाड़ी से नीचे उतरते ही सेल्फी और फोटो खींचने की मानो काम्पटीशन ही शुरु हो गयी थी। ट्रेन में कम वक्त होने के कारण विस अध्यक्ष डॉ. शर्मा कार्यकर्ताओं को दूर करने का प्रयास करते रहे, लेकिन कार्यकर्ता भी सेल्फी और फोटोग्राफ्स करने की होड़ में किसी ओर भी ध्यान नहीं दे रहे थे।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!