कांग्रेसियों ने किया अधिवक्ता संघ का स्वागत

इटारसी। अंजुमन स्कूल सभागार में मीडिया सेल अध्यक्ष माणक अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में इटारसी अधिवक्ता संघ के निर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान समारोह रखा गया था। कार्यक्रम में श्री अग्रवाल ने संघ के अध्यक्ष अरविंद गोईल और सचिव पारस जैन का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया।
यहां श्री अग्रवाल ने संबोधित करते हुए अधिवक्ता संघ संबंधी कोई बात नहीं करके प्रदेश और देश में कांग्रेस सरकार बनने का दावा किया। अलबत्ता सचिव पारस जैन की कोर्ट परिसर में कुछ मांग पर कहा कि कांग्रेस की सरकार बन रही है, जो मांगोगे सब मिलेगा। इससे पूर्व अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अरविंद गोईल ने संबोधित करते हुए माणक अग्रवाल को कांग्रेस मीडिया सेल के अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और संघ के सम्मान के लिए कांग्रेस को धन्यवाद दिया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि लंबा समय हो गया, जब से कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई है, कांग्रेसियों को कहीं सम्मान नहीं मिल रहा है, उनके काम नहीं हो रहे हैं, हमारे साथ भेदभाव किया जा रहा है, यह भाजपा के निरंकुश शासन का प्रमाण है। उन्होंने पार्टी के सदस्यों से कहा कि अब व्यक्ति को नहीं बल्कि पार्टी को जिताएं।
सचिव पारस जैन ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस का शासन था, तब किसी का काम नहीं रुकता था। कोई भी गुट, कोई भी वर्ग और किसी भी पार्टी का सदस्य माणक भाई के पास पहुंचता था, वे सबके काम करते थे। उन्होंने अधिवक्ता संघ की ओर से कुछ मांगें रखीं और कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उन्हें पूर्ण कराने को कहा।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष संतोष शर्मा, ग्रंथपाल विजय दुबे, उपाध्यक्ष संजय शर्मा के अलावा कांग्रेस से अशोक जैन, गुड्डन पांडे, पूर्व नपाध्यक्ष श्रीमती नीलम गांधी, अजय शुक्ला, धर्मदास मिहानी, प्रकाश मालोनिया, मालतीदेवी शर्मा, साधना सहगल, जसपाल सिंघ पाली भाटिया, परमजीत सिंघ लाली सलूजा, राजकुमार भावसार, राजेश घारू, अर्जुन ठाकुर, रूबीन खान, बाबू चौधरी, बल्ला यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। संचालन कन्हैया गोस्वामी ने व आभार प्रदर्शन बाबू चौधरी ने किया।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!