तीन सौ बच्चों ने लिया प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र वितरित

इटारसी। नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में शहर में हॉकी, क्रिकेट, फुटबाल के समर कैंप का आयोजन पिछले एक माह से चल रहा था। आज कैंप का समापन हो गया। गांधी मैदान, एमजीएम कालेज मैदान, म्यूनिस्पिल स्कूल मैदान और रेलवे मैदान बारह बंगला में चले इन कैंप में सभी खेलों के तीन सौ बच्चों ने शामिल होकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
आज शाम गांधी मैदान में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा के मुख्य अतिथि और नपाध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल की अध्यक्षता में कैंप का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला हॉकी संघ अध्यक्ष सुरेश दुबे, वरिष्ठ खिलाड़ी एससी लाल, नपा उपाध्यक्ष अरुण चौधरी, विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, पार्षद गीता पटेल, अमित जायसवाल, मोनू सेतपलानी, सुमेर सिंह चौहान, नीलेश चौधरी, कुलभूषण मिश्रा, रिचर्ड डिकोस्टा, देवेन्द्र पाल, सहित अनेक खिलाड़ी उपस्थित थे।

it03618 1
संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कैंप के लिए नपा को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि संभवत: इटारसी प्रदेश की एकमात्र ऐसी नगर पालिका है जो समर कैंप का संचालन करती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग नगर पालिका के कामों पर शिकायत करते हैं। खेल का मैदान ऐसी जगह है जहां आकर बच्चा सारी सुध भूलकर केवल खेल और प्रतिस्पर्धी टीम को याद रखता है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त सभी बच्चों को खेल में आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल ने सभी बच्चों को शुभकामना देते हुए कहा कि समर कैंप से बच्चे खेल के हर हुनर को सीखे हैं जो जीवन में आगे उनको मैदान पर काम आएंगे। ये बच्चे अपने प्रदर्शन से शहर का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने प्रशिक्षण देने वाले सभी कोच को धन्यवाद दिया। सभापति राकेश जाधव ने कहा कि तीन वर्ष पूर्व इंडियन क्रिकेट क्लब, साईं फुटबाल क्लब, जिला फुटबाल संघ और जिला हॉकी संघ की मांग पर समर कैंप प्रारंभ किए थे। शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चे हर्षित, नूतन और सनम ने भी अपने अनुभव शेयर किए। संचालन जयकिशोर चौधरी ने किया। इस अवसर पर कैंप में सहयोग करने वाले सभी वरिष्ठ खिलाडिय़ों का भी सम्मान किया गया।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!