कृषि के साथ पशु पालन करें तो आय में लाभ होगा : राज्यपाल

होशंगाबाद। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रविवार को भाऊसाहब भुस्कुटे लोकन्यास गोविंद नगर बनखेड़ी में एक करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित 100 सीटर बालक छात्रावास भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने परिसर में बनने वाले कृषि विज्ञान केन्द्र भवन का भूमि पूजन भी किया। राज्यपाल ने आम के पौधे रोपे।
संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि जिले के किसान यदि कृषि के साथ-साथ पशु पालन करें तो कृषि से वे अतिरिक्त आय प्राप्त करेंगे और कृषि लाभ का व्यवसाय बन जायेगी। उन्होंने कहा कि किसान कृषि विज्ञान केन्द्र में अनिवार्य रूप से जाएं और वहां खेती के आधुनिक तकनीक को आत्मसात करें। बड़े किसान अपने आधा एकड़ खेत में नवीन तकनीकी का प्रयोग करें और आर्गनिक खेती करें। जैसे एक व्यापारी अपनी आय-व्यय का हिसाब रखने के लिए रजिस्टर रखता है वैसे ही किसान भी अपना एक रजिस्टर बनाएं जिसमें वे खेती में लगने वाली लागत और लाभ को दर्शित करें। यदि किसी व्यक्ति को सफल व्यवसायी बनना है तो वो रजिस्टर मैंटेन करना प्रारंभ कर दें। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कि मंशा है कि हर किसान की आय दुगनी हो जाए। यदि कृषि वैज्ञानिक एवं समाज के सभी वर्ग के व्यक्ति एक साथ जुटेंगे और नया प्रयोग करेंगे तो निश्चित रूप से किसान की आय दुगनी होगी। उन्होंने किसानो को फर्टिलाईजर का उपयोग न करने की सलाह दी। इससे पूर्व अभा बालिका शिक्षा प्रमुख विद्या भारती रेखा चूड़ाष्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक हम बालिकाओं को नैसर्गिक शिक्षा नही देंगे तब तक बालिका के भविष्य का निर्माण हम नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्या भारती बच्चो के लिए विज्ञान मेला एवं प्रश्न मंच के कार्यक्रम भी आयोजित करता है। विज्ञान केन्द्र जबलपुर के निर्देशक श्री अनुपम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में 51 कृषि विज्ञान केन्द्र संचालित हैं। कृषि वैज्ञानिक प्याज एवं टमाटर की वैरायटी पर कार्य कर रहे हैं। कृषि एवं विज्ञान केन्द्र से आम युवाओ को रोजगार मिलता है।
संचालक चाणक्य बक्शी ने बताया कि न्यास 26 वर्षों से कृषि, शिक्षा, विज्ञान के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। न्यास परिसर में माटी कला एवं बांस कला का प्रशिक्षण महिलाओं को दिया जाता है। महिलाओं ने माटी एवं बांस कला में अपनी एक राष्ट्रीय पहचान बनाई है। राज्यपाल ने कृषि महाविद्यालय जबलपुर में चयनित हुए छात्र आशीष पटेल एवं बबीता विश्नोई को प्रशंसा पत्र दिया, माटी कला एवं बांस कला के शिल्पियों को भी सम्मानित किया, हस्तलिखित कार्ड तथा न्यास द्वारा प्रकाशित पत्रिका का विमोचन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के हितग्राही संगीता बाई, झिंगो बाई, माया बाई, शेख जमील को स्वीकृति पत्र प्रदान किया तथा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत लक्ष्मी अहिरवार, माया बाई, दुर्गा बाई, मुन्नी बाई, हल्की बाई को गैस कनेक्शन एवं चूल्हा प्रदान किये। इस अवसर पर नरसिंहपुर-होशंगाबाद सांसद राव उदय प्रताप सिंह, विधायक ठाकुरदास नागवंशी, विद्या भारती के विवेक शेंडे, डब्लूसीएल के अधिकारी सुभाष पण्डया, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर पिं्रयका दास, एसपी अरविंद सक्सेना एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
सरस्वती ग्रामोदय विद्यालय की प्रयोगशाला का निरीक्षण
राज्यपाल श्रीमती आनंदीवेन पटेल ने भाऊसाहब भुस्कुटे लोकन्यास परिसर में सरस्वती ग्रामोदय उमा विद्यालय की अंग्रेजी एवं गणित की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि विभाग, रेशम विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राज्यपाल श्रीमती पटेल ने न्यास परिसर में स्थित गौ संवर्धन एवं संवर्धन इकाई के तहत संचालित गौ शाला का भ्रमण किया। उन्होंने गायों को तिलक कर गुड़, खली, दलिया एवं चारा खिलाया। उन्होंने गौ शाला के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।

CATEGORIES
Share This
error: Content is protected !!