इटारसी। ग्राम लोहारिया में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान के खेत में बने टीन के कमरे में खतरनाक कोबरा सांप बैठा मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और सर्पमित्र ने मौके पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृषक मनीष पटेल सुबह करीब 7:30 बजे अपने खेत पर बने कमरे में खाद की बोरी लेने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने बोरी के ऊपर ढकी पन्नी को हटाया, वहां एक विषैला कोबरा सांप बैठा दिखाई दिया। यह देखकर वे घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।
टीम ने त्वरित कार्रवाई कर पकड़ा सांप
सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देशन में वन्यजीव अभिरक्षक अभिजीत यादव और सर्पमित्र मोहित मेहरा तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक लगभग 3 फीट लंबे अत्यंत विषैली प्रजाति के इंडियन ब्लैक कोबरा (न्यूरोटॉक्सिक) का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के पश्चात सांप को वन क्षेत्र के सुरक्षित प्राकृतिक आवास में ले जाकर आजाद कर दिया गया। वन्यजीव अभिरक्षक अभिजीत यादव ने आमजन से अपील की है कि सांप या अन्य कोई वन्यजीव दिखाई देने पर उसे मारें नहीं, बल्कि सहायता के लिए तुरंत मोबाइल नंबर 9407186051 पर संपर्क करें।











