इटारसी। क्षेत्र के यात्रियों, किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए एक बहुत बड़ी और हर्ष की खबर है। नर्मदापुरम के सांसद दर्शन सिंह चौधरी के विशेष प्रयासों से रेल मंत्रालय ने जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए इटारसी से बीड़ के मध्य एक नई पैसेंजर ट्रेन के परिचालन को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 26 मई 2026 को पत्र जारी कर इस बात की पुष्टि की है कि गाड़ी संख्या 51690/51689 इटारसी-बीड़ पैसेंजर को चलाने की मंजूरी दे दी गई है। गौरतलब है कि सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने क्षेत्र की जनता और आम यात्रियों की मांग को देखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस नई पैसेंजर ट्रेन को शुरू करने का आग्रह किया था। जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए रेल मंत्रालय ने त्वरित निर्णय लिया और इस रूट पर नई रेल सेवा की सौगात दे दी। यह ट्रेन शुरू होने से इटारसी और बीड़ के बीच दैनिक यात्रा करने वाले हज़ारों यात्रियों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।
इस बड़ी उपलब्धि पर जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य प्रशांत अग्रवाल ने खुशी जाहिर करते हुए जनभावनाओं को सर्वोपरि रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सांसद दर्शन सिंह चौधरी का हृदय से आभार व्यक्त किया है। प्रशांत अग्रवाल ने कहा, यह नई रेल सेवा हमारे क्षेत्र के विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम जनता के लिए सुविधा के साथ-साथ विकास के नए द्वार खोलेगी। लंबे समय से इस रूट पर एक सुलभ यातायात साधन की जरूरत महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। इस सौगात से पूरे नर्मदापुरम जिले और रेल मार्ग से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों में हर्ष की लहर है।












