इटारसी। ग्राम बीसारोड़ा में उस समय हड़कंप मच गया जब खेत में लगे बोरवेल की खराबी सुधारते समय एक कोबरा बाहर आ गया। बोरवेल से सांप की फुफकारने की आवाज सुनकर ग्रामीण सहम गए। ग्रामवासी नवल किशोर चौरे ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देशन में वन्य जीव अभिरक्षक अभिजीत यादव तथा सर्पमित्र ऋषभ पटेल व रितिक पटेल तुरंत मौके पर पहुंचे।
टीम ने त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई करते हुए बोरवेल में फंसे करीब 3 फीट लंबे कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सांप के सफल रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित रूप से वन परिक्षेत्र के प्राकृतिक आवास में रिलीज कर दिया।
घर के भूसे में छिपा था कोबरा, 2 घंटे की मशक्कत से पकड़ा
ग्रामीण क्षेत्र पीपलढाना में एक घर में जहरीले सांप के मिलने से हड़कंप मच गया। सतर्कता दिखाते हुए समय पर दी गई सूचना से एक बड़ा हादसा टल गया और सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। ग्राम पीपलढाना निवासी ऋषभ यादव ने सूचना दी कि उनके मित्र सुभाष यादव जब बाहर से घर लौटे और गाड़ी साइड में रख रहे थे, तब उन्होंने वहां रखे भूसे के ढेर में एक सांप को जाते देखा। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वन विभाग और सर्प मित्रों को सूचना दी गई।
वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा के निर्देश और सर्प विशेषज्ञ अभिजीत यादव के मार्गदर्शन में सर्पमित्र मोहित मेहरा और सचिन दुलारे तुरंत पीपलढाना पहुंचे। टीम ने करीब 2 घंटे तक कड़ी मेहनत कर भूसे का पूरा ढेर हटाया और लगभग 3 फीट लंबे अत्यधिक विषैले इंडियन कोबरा को बेहद सावधानी के साथ सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को सुरक्षित उसके प्राकृतिक रहवास यानी वन परिक्षेत्र में छोड़ दिया। समय पर पहुंची टीम और सूझबूझ से बड़ा खतरा टल गया।











