इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत शिक्षा से विकसित भारत 2047 की परिकल्पना और सेवा संकल्प अभियान के तहत वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रयोग वरदान है, विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 25 वक्ताओं ने अपने विचार रखे, जबकि 60 से अधिक विद्यार्थी इस वैचारिक मंथन के साक्षी बने।
एआई शिक्षक का विकल्प नहीं, सहायक हो सकता है
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि एआई आज के युग की आवश्यकता है, लेकिन यह कभी शिक्षक और मानव मस्तिष्क का विकल्प नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि डॉक्टर, नर्स, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, शिक्षक, कुशल कारीगर और प्रबंधक जैसी सेवाओं में, जहां मानवीय संवेदना और सहनशीलता की आवश्यकता होती है, वहां एआई कारगर नहीं है। विद्यार्थियों को ज्ञानार्जन के लिए इसका उपयोग सावधानीपूर्वक करना चाहिए।
तकनीक के पक्ष और विपक्ष में बंटे युवा वक्ता
प्रतियोगिता के दौरान पक्ष में बोलते हुए विद्यार्थियों ने कहा कि एआई टूल्स के माध्यम से दूरदराज के छात्र भी वैश्विक स्तर की शिक्षा और जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वहीं विपक्ष के वक्ताओं ने तर्क दिया कि मशीनें केवल ज्ञान दे सकती हैं, लेकिन नैतिक मूल्य, अनुशासन और मानवीय संवेदनाएं केवल एक शिक्षक ही सिखा सकता है।
प्रतियोगिता के परिणाम और उपस्थिति
प्रतियोगिता के पक्ष वर्ग में अंशिता मालवीय ने प्रथम, अवनि मालवीय ने द्वितीय तथा स्तुति मिश्रा एवं प्रियांशी उपाध्याय ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विपक्ष वर्ग में काजल ने प्रथम, रितिका यादव ने द्वितीय तथा अदिति पटेल ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. रश्मि तिवारी, डॉ. अर्चना शर्मा, डॉ. अरविंद शर्मा, सुश्री मौलश्री बावरिया और सुश्री शिखा चन्द्रवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।











