इटारसी। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ जिला नर्मदापुरम की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक शुक्रवार को सूरजगंज स्थित पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और जिला उपाध्यक्ष रामगोपाल पटेल द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ।बैठक की शुरुआत में जिला अध्यक्ष मालकजी पटेल ने पिछली बैठक की प्रगति का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। बैठक के मुख्य वक्ता एवं प्रांतीय सह संगठन मंत्री राजीव कुमार शर्मा ने 26 अगस्त से उज्जैन में आयोजित होने वाले प्रदेश अभ्यास वर्ग, वर्ष 2026 के सदस्यता अभियान, गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम, अगस्त में प्रस्तावित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मेलन और सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान समारोह की तैयारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने संत शिरोमणि संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की और कहा कि टीईटी परीक्षा संबंधी समस्याओं का समाधान संगठन के संयुक्त प्रयासों से ही संभव है।संभागीय अध्यक्ष के.के. मालवीय ने जनजातीय कार्य विभाग के शिक्षकों की क्रमोन्नति और मुख्य परीक्षकों के मानदेय भुगतान जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। जिला अध्यक्ष मालकजी पटेल ने त्रिभाषा सूत्र की जानकारी दी, जबकि बैठक का संचालन जिला सचिव अजीत सिंह भदौरिया ने किया।
इस अवसर पर ब्रजेश पटेल को गायत्री परिवार के संगठनात्मक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में प्रांतीय एवं जिला पदाधिकारियों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।बैठक में प्रांतीय महिला प्रकोष्ठ प्रमुख श्रीमती भगवती सिंह, विशाखा ठाकुर, छाया पटेल, कोमल सिंह कुर्मी, महेश कुमार रायकवार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में जिला उपाध्यक्ष राजेश चौधरी ने आभार व्यक्त किया।










