इटारसी। केसला ब्लॉक के ग्राम जामुनडोल में एक 16 साल की किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। किशोरी का शव सोमवार शाम 5 बजे खेत में महुआ के पेड़ में फांसी के फंदे पर लटका मिला। दोपहर में वो अपने घर से खेत जाने का कहकर निकली थी। आज मंगलवार को केसला पुलिस ने किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस के मुताबिक 16 साल की किशोरी ने एक साल पहले पढ़ाई छोड़ दी है। वो घर में ही रहती थी। एएसआई भोजराज बरबड़े ने बताया सोमवार सुबह उसके पिता ने पढ़ाई नहीं करने पर उसे डांटा था। जिसके बाद पिता अपने काम में लग गए। दोपहर में किशोरी घर से खेत जाने का कहकर निकली।
शाम करीब 5 बजे उसके खेत में ही बकरियां चराने गई रामेती बाई ने महुआ के पेड़ में फांसी पर किशोरी को लटका देखा। जिसकी सूचना उसने गांव में दी। परिजन मौके पर पहुंचे। केसला थाने से एएसआई भोजराज बरबड़े टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दुपट्टे से बने फंदे पर शव लटका हुआ था। पुलिस ने रात में ही मर्ग कायम किया। मंगलवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजन को सौंपा गया।