इटारसी। जिला प्रशासन की पहल पर किसानों की सुविधा हेतु सभी मंडी स्तरीय खरीदी केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को इटारसी कृषि उपज मंडी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय की टीम द्वारा विशेष हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया।
जांच और उपचार
कैंप में डॉ. कुलदीप सिंह ठाकुर, डॉ. जतिन गुरनानी एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने लगभग 60 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान किसानों और मंडी कर्मियों के रक्तचाप (BP), शुगर और ऑक्सीजन लेवल की जांच की गई। साथ ही आवश्यकतानुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
अव्यवस्थाओं पर बिफरा मेडिकल स्टाफ
एक ओर जहां किसानों ने इस पहल की सराहना की, वहीं दूसरी ओर मंडी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों और स्टाफ सदस्यों ने आरोप लगाया कि मंडी प्रबंधन की ओर से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला। शिविर में मेडिकल टीम को पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ा।
मंडी सचिव के व्यवहार पर नाराजी
मेडिकल स्टाफ ने बताया कि मंडी सचिव का व्यवहार अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। शिकायत दर्ज कराने के बाद ही पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं आनन-फानन में उपलब्ध कराई गईं। शिविर में डॉ. कुलदीप सिंह ठाकुर, डॉ. जतिन गुरनानी, एएनएम और वार्ड बॉय सहित अस्पताल की पूरी टीम ने अपनी सेवाएं दीं।










