इटारसी। दयाल हॉस्पिटल, इटारसी में घटित एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना को दृष्टिगत रखते हुए, अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों के विरुद्ध कुछ संगठनों तथा परिजनों द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने एवं अस्पताल के घेराव जैसी धमकियोंं के बाद आज इंडियन मेडिकल एसोसिएशन इटारसी एवं होशंगाबाद ने संयुक्त ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) को सौंपा। ज्ञापन में चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग करते हुए यह आग्रह किया कि प्रशासन ऐसी परिस्थितियों में उचित कार्रवाई कर चिकित्सकीय कार्य को बाधित होने से रोके।
आईएमए ने यह भी स्पष्ट किया कि चिकित्सकों के विरुद्ध बिना जांच अथवा सत्यापन के की जाने वाली कोई भी कार्रवाई न केवल अनुचित है, बल्कि चिकित्सा सेवा देने वाले समस्त स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल गिराने वाली भी है। चिकित्सा समुदाय समाज के हित में सेवा कर रहा है, अत: उसकी गरिमा और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।











