भोपाल। भारतीय रेल, पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब पारंपरिक रूप से रेलवे के आरक्षण काउंटर से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों के लिए भी वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना की सुविधा उपलब्ध करा दी है। यह योजना 27 अक्टूबर से लागू हो रही है। इस योजना के तहत मात्र 45 पैसे के बेहद कम प्रीमियम में यात्रियों को 10 लाख तक का सुरक्षा कवर प्रदान किया जाएगा।
योजना के प्रमुख लाभ व कवरेज
इस बीमा योजना के तहत विभिन्न अप्रिय और आपातकालीन परिस्थितियों में मिलने वाली सहायता राशि का विवरण।
- मृत्यु : 10 लाख रुपए (100 प्रतिशत बीमित राशि)
- स्थायी पूर्ण दिव्यांगता : 10 लाख रुपए (100 प्रतिशत बीमित राशि)
- स्थायी आंशिक दिव्यांगता : 7.5 लाख रुपए (अधिकतम 75 फीसद तक)
- अस्पताल खर्च : 2 लाख रुपए (तक)
- पार्थिव शरीर परिवहन : 10,000 रुपए (एकमुश्त सहायता)
योजना और क्या हैं शर्तें?
टिकट का प्रकार : यह सुविधा कन्फर्म, आरएसी और आंशिक कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध है।
आवश्यक शर्तें : इस योजना का लाभ उठाने यात्री के पास वैध मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है और भुगतान डिजिटल माध्यम से किया जाना चाहिए।
वैकल्पिक योजना : यह योजना पूरी तरह से वैकल्पिक है।
योजना की मुख्य विशेषताएं
- यात्रा अवधि: यह बीमा सुरक्षा यात्रा की पूरी अवधि के दौरान यानी मूल स्टेशन से गंतव्य स्टेशन तक (ट्रेन में चढऩे और उतरने के समय को शामिल करते हुए) प्रभावी रहती है।
- अन्य ट्रेनें : मार्ग परिवर्तन या विकल्प ट्रेन की स्थिति में भी यह बीमा मान्य होता है।
- श्रेणियां : यह सभी यात्रा श्रेणियों के लिए समान रूप से लागू है।
अधिकारियों का कहना है…
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया का कहना है, कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मात्र 45 पैसे में 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर अप्रिय परिस्थितियों में यात्रियों और उनके परिवारों को मजबूत वित्तीय संबल प्रदान करेगा। यात्री काउंटर से टिकट बनवाते समय सही मोबाइल नंबर दर्ज कराएं और डिजिटल भुगतान कर इस योजना का लाभ उठाएं।











