इटारसी। विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे के निर्देशन में इटारसी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने एक व्यापक महाअभियान चलाया जा रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेखा जाटव के नेतृत्व में स्वच्छता शाखा द्वारा धरातल पर युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है, जिससे शहर की तस्वीर बदलने लगी है।
अभियान के तहत जहां वर्षों पुराने कचरे के ढेरों (ब्लैक स्पॉट्स) को हटाकर सफाई की जा रही है, वहीं शहर के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों (एंट्री पॉइंट्स) और मुख्य चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
दीवारों पर उतरी कला, दे रही स्वच्छता का संदेश
शहर को आकर्षक स्वरूप देने के लिए प्रमुख चौराहों पर भव्य वाल पेंटिंग कराई जा रही है। यह कलात्मक पहल न सिर्फ शहर की सुंदरता को बढ़ा रही है, बल्कि आमजन को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी कर रही है।
नगर साफ हो, जिसमें नागरिकों का साथ हो

प्रशासन का मानना है कि जनता की भागीदारी के बिना कोई भी अभियान पूर्ण नहीं हो सकता। जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की तैयारी है।
नगर पालिका प्रशासन की विशेष अपील
नगर पालिका ने शहर को आदर्श और स्वच्छ बनाए रखने के लिए आम जनता और व्यापारी वर्ग से सहयोग की अपील की है।
- कचरा गाड़ी का उपयोग : घर और दुकान का कचरा सड़कों या नालियों में न फेंककर केवल नगर पालिका की गाडिय़ों में ही डालें।
- प्लास्टिक मुक्त इटारसी : पर्यावरण की रक्षा के लिए सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें।
- अतिक्रमण से मुक्ति : सुगम यातायात और व्यवस्थित बाजार के लिए दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करें।
- सौंदर्य की रक्षा : चौराहों पर की जा रही सुंदर वाल पेंटिंग और शासकीय संपत्तियों को गंदा होने से बचाएं।











