इटारसी। वार्ड 14 के निवासियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य एवं पोषण की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। क्षेत्र में जल्द ही एक सर्वसुविधायुक्त नवीन आंगनवाड़ी केंद का निर्माण किया जाएगा, जिससे शिशु-मातृ स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र समाज की नींव हैं। नए भवन के निर्माण से बच्चों के टीकाकरण, पोषण और महिलाओं की जागरूकता से जुड़े कार्यों में और अधिक सुव्यवस्थित ढंग से तेजी आएगी। नपा अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि शहर के हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और यह निर्माण इसी कड़ी का हिस्सा है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पूजा गौर और परियोजना अधिकारी दीप्ति शुक्ला ने बताया कि नया केंद्र बनने से स्थानीय स्तर पर सुविधाओं का संचालन अधिक प्रभावी होगा। इस अवसर पर भाजपा नेता जयकिशोर चौधरी, पार्षद प्रतिनिधि मनीष ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में पार्षद संजय ठाकुर ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए आभार व्यक्त किया।










