इटारसी। बिजली का करंट लगने से गोंची तरोंदा निवासी एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह ट्रक में रखे सामान को ढक रहा था, उसी दौरान ट्रक के उपर से गुजरी बिजली की तार से वह टकरा गया था।
समीपस्थ ग्राम गोंची तरोंदा निवासी 21 वर्षीय अजीत ठाकुर ट्रक में काम करता था। वह रविवार को शाम लगभग साढे छह बजे कोहदा में ट्रक पर पाल डाल रहा था, ताकि ट्रक में रखा हुआ सामान बारिश में भीगने से बच जाए। ट्रक जहां खड़ा था, उसी के उपर से बिजली की तार गुजरी थी। पाल डालते समय उसका हाथ बिजली की तार से टकरा गया।
जोरदार करंट लगने पर वह ट्रक के नीचे गिर गया। जिसे बेहोशी की हालत में सुखतवा स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद म्रत घोषित कर दिया। केसला पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।










