इटारसी। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग ने शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए कमर कस ली है। स्वास्थ्य विभाग के सभापति राकेश जाधव ने आज स्वास्थ्य विभाग के समस्त वार्ड जमादारों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में मानसून पूर्व शहर की सभी नालियों और पुलियाओं की विशेष सफाई और गहरीकरण अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ईमानदारी से करें काम: राकेश जाधव
बैठक के दौरान सभापति राकेश जाधव ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कई वार्डों में लंबे समय से नालियां साफ नहीं हुई हैं, जो सीधे तौर पर कर्मचारियों की लापरवाही को दर्शाता है। जो कर्मचारी ईमानदारी से काम नहीं करना चाहते, उन्हें चिन्हित किया जाए ताकि उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।”उन्होंने सभी जमादारों और कर्मचारियों से अपील की कि वे शहर की स्वच्छता को प्राथमिकता दें और अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें।
बड़े नालों के लिए जेसीबी के टेंडर जारी, 15 दिन में सौंपनी होगी रिपोर्ट
स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी मयंक अरोरा ने बैठक में बताया कि जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए बड़े नालों की सफाई हेतु जेसीबी के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। संबंधित ठेकेदारों द्वारा जल्द ही बड़े नालों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही, सभी वार्ड जमादारों को आगामी 15 दिनों तक विशेष सफाई अभियान चलाकर उसकी प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से नगर पालिका कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य रूप से स्वदेश महोरिया, जगदीश पटेल सहित नगर पालिका के समस्त वार्ड जमादार उपस्थित रहे।












