इटारसी। अपराध कोई भी हो, अपराधी जोखिम उठाने से नहीं डरता है, चाहे जान की कीमत पर भी अपराध करना पड़े। यह साबित किया है, आईटीसी चौपाल सागर की विद्युत सप्लाई करने वाले ट्रांसफार्मर चोरी की घटना ने। चोरी की वारदात को देखकर लगता है कि चोर किसी विद्युत इंजीनियर से कम नहीं हो सकते हैं। इस अनोखी चोरी की घटना से न सिर्फ पुलिस बल्कि बिजली विभाग भी हैरान है।
दरअसल, चालू लाइन के दौरान ट्रांसफार्मर को उतारकर उसके सारे उपकरण निकालना, ऑयल चोरी करना, प्लेट चुराना किसी जोखिम से कम नहीं था। लेकिन यह असंभव काम भी चोरों ने कर दिखाया है। इतने भारी-भरकम ट्रांसफार्मर को उतारना किसी एक के वश की बात भी नहीं है, जाहिर है कि चोर अधिक संख्या में होंगे। आईटीसी चौपाल सागर के स्टाफ के मुताबिक शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे के बाद लाइट गुल हो जाने से उनको लगा कि लाइन ट्रिप हुई है। जब दूसरे दिन भी लाइट नहीं आयी तो विद्युत विभाग से संपर्क किया। वहां से लाइन सुचारू होने की जानकारी मिलने के बाद कनेक्शन चेक करने के दौरान घटना की जानकारी लगी।
चोरों ने ट्रांसफामर को उसकी जगह से उठाकर उसके भीतर के पुर्जे, प्लेट, ट्रांसमिशन आयल को चुरा लिया। कर्मचारियों ने अपने आला अफसरों को भी घटना से अवगत कराया है। बिजली विभाग के कर्मचारियों को हैरत है कि भारी भरकम ट्रांसफार्मर को चढ़ाने-उतारने में मशीन लगती है, उसे चोरों ने किस तरहा उतारा होगा, विद्युत सप्लाई को अवरुद्ध कर ट्रांसमिशन आयल कैसे निकाला होगा जो बेहद गरम होता है, प्लेट्स निकालने से जान भी जा सकती है। आश्चर्य का विषय है कि चोरी कैसे की गई है ये बड़ा विषय है, जाहिर है जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया वो तकनीकि की जानकारी रखता होगा।










