इटारसी। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। ‘मेरा सेवा योगदान’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने न केवल फलदार-छायादार पौधे रोपे, बल्कि श्रमदान कर पूरे परिसर को स्वच्छ बनाने की मिसाल भी पेश की।
एक पौधा लगाएं, हरित भविष्य बनाएं
प्राचार्य आरके चोलकर ने पौधारोपण कर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान परिसर में आम, अमरूद, जामुन, चीकू, नीम, पीपल और शीशम जैसे उपयोगी पौधे लगाए। प्राचार्य चोलकर ने पर्यावरण संतुलन में वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल करने और ‘हरित भविष्य’ के निर्माण का आह्वान किया।
स्वच्छ परिसर से स्वस्थ जीवन का संदेश

वृक्षारोपण के साथ ही परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। नोडल अधिकारी श्रीमती विद्यावती सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने श्रमदान कर कचरा हटाया। उन्होंने ‘स्वच्छ परिसर, स्वस्थ जीवन और स्वच्छ समाज’ का संदेश देते हुए युवाओं को स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के अंत में सभी ने लगाए पौधों को विशाल वृक्ष बनने तक सहेजने और जनसेवा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। इस सार्थक पहल में विकास सिद्धू, पल्लवी नरवरे, आकाश गर्ग, भूपेंद्र जोठे, प्रबल गौर, लखन लाल कोरी, प्रवेश चौरे, आशीष चौरे, पल्लवी शर्मा, शिवांगी मालवीय, अनिता वर्मा और सोनिया अग्रवाल सहित समूचे महाविद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।











