इटारसी। पुरानी इटारसी निवासी रश्मि चौधरी के साथ अज्ञात आरोपियों ने वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर 3,36,800 रुपए की धोखाधड़ी की है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है।
टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि घटना 23 दिसंबर से 25 दिसंबर के बीच की है। किसी ने पांच-छह लोगों का एक टेलीग्राम ग्रुप बनाया था। उसमें वर्क फ्रॉम होम के माध्यम से किसी एप पर रेटिंग देने और उस पर पैसा मिलने का प्रलोभन दिया। वर्मा कालोनी निवासी महिला रश्मि पति रूपेश चौधरी 36 वर्ष से पहले बतौर सिक्योरिटी 600 रुपए जमा कराये, उसे 1000 हजार रुपए वापस किये। फिर 3500 रुपए दिये।
इस तरह विश्वास जमा लेने के बाद कहा कि 1 लाख जमा करोगे तो 1 लाख 55 हजार रुपए मिलेंगे। ऐसे प्रलोभन देकर महिला से अलग-अलग खातों में 3 लाख 36 हजार 800 रुपए जमा करा लिये। वापस मांगे तो कहा, 2 लाख और जमा करो तो ये पैसे वापस मिलेंगे। महिला को इतनी राशि जाने के बाद संदेह हुआ और फिर उसने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।
इसी तरह से पथरोटा थानांतर्गत ग्राम कीरतपुर निवासी महिला ललिता सरेआम 32 वर्ष से भी अज्ञात ने कार्तिक वर्मा और मुकेश कुमार शर्मा नामक दो व्यक्तियों ने ऑनलाइन सामान भेजने का प्रलोभन देकर 1 लाख 54 हजार 150 रुपए की ठगी कर ली है। पथरोटा पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।








