इटारसी। नर्मदापुरम जिले के इटारसी के पास ग्राम डोलरिया में घर की सफाई कर रही एक महिला को सांप ने काट लिया। महिला का नाम कौशल्या बाई राजपूत, उम्र 56 वर्ष है, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल नर्मदापुरम में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर में सफाई कर रही थी, तभी उनकी नज़र एक छिपे हुए सांप पर पड़ी। सांप को देखकर वह घबरा गईं और शोर मचाने लगीं, जिससे घबराकर सांप ने उन्हें काट लिया। घटना की सूचना तुरंत सर्पमित्र लक्की सैनी और उनके साथी विवेक कहार को दी गई।

मौके पर पहुँचकर, उन्होंने सांप को खोजा और उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया। सर्पमित्रों ने बताया कि जिस सांप ने महिला को काटा था, वह इंडियन स्पेक्टिकल कोबरा था, जो एक जहरीली प्रजाति है। महिला का इलाज नर्मदापुरम के जिला अस्पताल में जारी है।








