इटारसी। शहर के मेहरागांव इलाके में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर देसी कट्टे से फायरिंग कर दी गई। इस हमले में 28 वर्षीय शुभम कुहारे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वारदात मेहरागांव के ‘सी केविन’ के पास रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आधी रात को गाली-गलौज और फिर फायरिंग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी आकाश शर्मा देर रात शुभम के घर के पास पहुंचा और विवाद करने लगा। बात गाली-गलौज से शुरू हुई और देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोपी ने शुभम पर सीधे फायर झोंक दिया और मौके से फरार हो गया।
सर्जरी के जरिए निकाली गई गोली
शुभम को लहूलुहान हालत में तुरंत इटारसी के दयाल हॉस्पिटल ले जाया गया। अस्पताल के संचालक डॉ. आर. दयाल ने बताया कि मामला बेहद पेचीदा था। पेट में गोली लगने के साथ-साथ सिर पर भी 3-4 गहरे घाव थे। गोली पेट को चीरते हुए रीढ़ की हड्डी (Spine) में जाकर फंस गई थी। डॉक्टर की टीम ने घंटों चले ऑपरेशन के बाद गोली को सफलतापूर्वक निकाल लिया है। हालांकि, युवक की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और वह आईसीयू में ऑब्जर्वेशन पर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुस्तैद हो गई है। जांच अधिकारी के अनुसार हमला पुराने विवाद का परिणाम था। जांच की जा रही है, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।










