नर्मदापुरम। थाना देहात पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामलों में फरार चल रहे 5,000 रुपये के इनामी आरोपी श्याम ठाकुर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 11 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा के निर्देशन और देहात थाना प्रभारी उषा मरावी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि 3 मई को पुलिस ने 29 पेटी अवैध शराब पकड़ी थी, जिसमें गिरफ्तार रेवाशंकर अहिरवार के मेमोरेंडम के आधार पर श्याम ठाकुर निवासी नर्मदा इंफ्राटेक कॉलोनी को मुख्य आरोपी बनाते हुए अपराध दर्ज किया था। इसके अलावा, आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में भी अपराध दर्ज था, जिसमें वह फरार चल रहा था। लगातार फरारी के चलते नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस कार्रवाई में निरीक्षक उषा मरावी, उपनिरीक्षक सुखनंदन नरें, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश मेहरा, प्रधान आरक्षक नवीन दुबे, आरक्षक जितेन्द्र राजपूत और कपिल विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उपद्रव मचाता निगरानी बदमाश सचिन व्यास गिरफ्तार
थाना देहात पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत निगरानी बदमाश सचिन व्यास (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा के निर्देशन एवं थाना प्रभारी उषा मरावी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मालाखेड़ी स्थित अफजल कॉलोनी निवासी निगरानी बदमाश सचिन पिता संतोष व्यास उपद्रव करते हुए मिला।
पुलिस ने आरोपी सचिन व्यास के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रस्तुत किया। मजिस्ट्रेट के जेल वारंट जारी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।










