इटारसी। आज शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे इटारसी-नर्मदापुरम मार्ग पर ब्यावरा के पास एक बस और स्कूटी की टक्कर में आधा दर्जन यात्री घायल हो गये। घायलों को नर्मदा अपना अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। नर्मदा अस्पताल में भर्ती एक बच्चा वेंटीलेटर पर है, जबकि महिला को भी अधिक चोट आने से उसकी हालत भी गंभीर है।


मिली जानकारी के अनुसार पांढुर्णा से भोपाल जा रही बस क्रमांक एमपी 09 एफए 6446 ग्राम ब्यावरा के पास स्कूटी क्रमांक एमपी 05, एमएफ 7546 से टकराई और उसके बाद पेड़ से जा टकरायी। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गये। स्कूटी बस के अगले हिस्से में पूरी तरह से घुस गई थी।


नर्मदा अपना अस्पताल के मनोज सारन ने बताया कि उनके यहां चार गंभीर रूप से घायल भर्ती हुए हैं जिनमें लक्ष्य पटेल पिता संत पटेल बम्मनगांव 9 वर्ष की हालत अधिक खराब है, उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। एक बालिका लतिका पिता संत पटेल 11 वर्ष और साल्वी पटेल उर्फ कामिनी पटेल पति संत पटेल 32 वर्ष की भी हालत गंभीर है। ये तीनों स्कूटी सवार हैं। चौथा घायल रूपेश पिता नंदकिशोर बालूदा अमला महाराष्ट्र बस क्लीनर उम्र 23 वर्ष है। सभी घायलों का इलाज नर्मदा अस्पताल में जारी है।











