नर्मदापुरम। ऑनलाइन साइबर ठगी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए थाना कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल नर्मदापुरम की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के पुणे से एक 24 वर्षीय अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल पर फर्जी APK फाइल भेजकर उसके बैंक खाते से 1,45,000 रुपये की राशि अवैध रूप से आहरित कर ली थी।
पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन और राशि बरामद कर ली है। मामले की विस्तृत जानकारी के अनुसार, फरियादी रामकिशोर यादव निवासी बालक छात्रावास, नर्मदापुरम के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक अनधिकृत APK फाइल भेजी गई थी। फरियादी द्वारा अनजाने में उक्त फाइल पर क्लिक करते ही उसके मोबाइल का रिमोट एक्सेस आरोपी के पास चला गया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के बैंक खाते से जुड़े ओटीपी और क्रेडेंशियल हासिल कर लगभग 1.45 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली नर्मदापुरम में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जितेंद्र पाठक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस व साइबर सेल की विशेष टीम का गठन किया गया। विवेचना के दौरान डिजिटल डाटा विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान मुकेश कुमार ठाकुर पिता सुगन ठाकुर, उम्र 24 वर्ष, मूल निवासी बोकारो झारखंड एवं हाल निवासी कोरेगांव पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने तत्काल पुणे के कोरेगांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और मेमोरेंडम में आरोपी ने एपीके फाइल के जरिए साइबर फ्रॉड करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।पुलिस द्वारा उजागर की गई कार्यप्रणाली के अनुसार, शातिर आरोपी लोगों को झांसा देकर अनजान स्रोतों से APK फाइल प्रेषित करता था। जैसे ही पीड़ित व्यक्ति फाइल को डाउनलोड या ओपन करता, उसके मोबाइल का पूरा रिमोट एक्सेस आरोपी के पास चला जाता था। इसके जरिए आरोपी पीड़ित के बैंकिंग मैसेज, ओटीपी और अन्य संवेदनशील जानकारियां हासिल कर बिना किसी बाधा के बैंक खातों से राशि अपने खातों में ट्रांसफर कर लेता था।नर्मदापुरम पुलिस ने आम जनता को सचेत करते हुए अपील की है कि किसी भी अनजान स्रोत, व्हाट्सएप या मैसेज में आई APK फाइल या अज्ञात लिंक पर गलती से भी क्लिक न करें। अपने मोबाइल में हमेशा आधिकारिक प्ले स्टोर से ही ऐप इंस्टॉल करें और बैंकिंग ओटीपी या पासवर्ड किसी से भी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या जिला नर्मदापुरम साइबर हेल्पलाइन नंबर 7049126590 पर सूचना दें।











