नर्मदापुरम। कोतवाली पुलिस ने पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी आबकारी एक्ट के तहत दर्ज मामले में लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. साईं कृष्णा थोटा , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जितेन्द्र पाठक के निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि 19 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस दौरान पुलिस ने 71 लीटर देशी प्लेन मदिरा और एक सवारी ऑटो जब्त करते हुए आरोपी निर्मल उर्फ निम्मा कहार को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, इस दौरान कुख्यात आरोपी अभिषेक उर्फ बादशाह पिता किशोरी लाल मेहरा, निवासी आदमगढ़ मौके से फरार होने में कामयाब हो गया था।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
22 जुलाई को थाना प्रभारी कोतवाली द्वारा गठित विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी अभिषेक उर्फ बादशाह को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, उप निरीक्षक रेवाराम गायकवाड़, आरक्षक हरीश डिगरसे, पंकेश बघेला तथा गजेन्द्र डडोरे की सराहनीय एवं मुख्य भूमिका रही।











