इटारसी। भारतीय किसान संघ ने ग्रामीण क्षेत्र में होने वाली ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिता पर रोक लगाने की मांग प्रशासन से की है। संघ ने बताया कि वर्तमान में इटारसी के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही ट्रैक्टर टोचन दुर्घटना संभावित प्रतियोगिता है। विगत कुछ वर्षों से यह प्रतियोगिता प्रारंभ हुई, है जो किसी दिन बड़ी जनहानि का सबब बनेगी। ट्रैक्टर खींचो प्रतियोगिता में गंभीर दुर्घटना घटने की आशंका है, इसके अलावा ट्रैक्टर की मशीनी खराबी भी आती है।
भारतीय किसान संघ, नर्मदापुरम के जिला सहमंत्री रजत दुबे ने कहा कि दर्शक दीर्घा में खड़े ग्रामीण या बच्चों को ट्रैक्टर द्वारा किसी दिन शारीरिक चोट आ सकती है। ट्रैक्टर खेतों में कार्य करने वाला साधन होता है, उसे अखाड़े में उतारकर जनहानि का साधन नहीं बनाना चाहिए।
श्यामशरण तिवारी, तहसील अध्यक्ष भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही संपूर्ण क्षेत्र में इस प्रकार की प्रतियोगिता पर पूर्ण विराम लगाया जाए ताकि भविष्य में होने वाले गंभीर परिणाम को रोका जा सके। अगर इस प्रकार की कोई प्रतियोगिता का आयोजन कोई कराता है तो आयोजनकर्ता के ऊपर कार्यवाही की जाए। अगर कोई कार्यवाही नहीं की जाती है तो भारतीय किसान संघ इसका विरोध करेगा।