इटारसी। अधिवक्ता संघ इटारसी की आमसभा सोमवार को संघ कक्ष में वरिष्ठ अधिवक्ता आरवी पांडे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ अधिवक्ता सीके पटेल को आगामी चुनावों के लिए निर्वाचन अधिकारी मनोनीत किया गया।
बैठक में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार नवीन कार्यकारिणी में महिला अधिवक्ताओं के लिए 30% आरक्षण लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत पूर्व का ‘महिला उपाध्यक्ष’ पद समाप्त कर अब अनारक्षित वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद रखे गए हैं। वहीं, कार्यकारिणी के कुल 7 सदस्यों में से 3 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे।इस अवसर पर कोषाध्यक्ष राजेश चौरे ने आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
बैठक को अध्यक्ष रमेश राजपूत, सचिव पारस जैन, अरविंद गोयल, सूरज सिंह सोलंकी, प्रवक्ता संजय गुप्ता सहित अन्य अधिवक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन विनोद भावसार ने किया। जल्द ही निर्वाचन अधिकारी द्वारा आगामी चुनाव की रूपरेखा तय करने के लिए बैठक बुलाई जाएगी।











