इटारसी। दुकान के सामने रोड तक सामान रखने की प्रवृत्ति पर अंकुश नहीं होने से नाराज अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एमएस रघुवंशी (Sub Divisional Officer Revenue MS Raghuvanshi) ने आज स्वयं हाथ में डंडा ले लिया। मानो, वे भी जान गये हैं, कि इस शहर में प्रेम की भाषा सुनना तो पसंद किया जाता है, उस पर अमल करने में दुकानदार रुचि नहीं लेते हैं। यानी अब डंडे की भाषा से समझाने की कोशिश होगी। हालांकि डंडा केवल हाथ में रहा, चलाने पर भरोसा नहीं किया। नियम पालन करने की सख्त हिदायत दी गईं, लेकिन प्रेम से ही।
कल शाम को प्रशासन की टीम नारियल बाजार में व्यवस्था सुधारने निकली थी। आज सुबह 10 बजे से अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मदन सिंह रघुवंशी (Sub Divisional Officer Revenue MS Raghuvanshi), मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले (Chief Municipal Officer Hemeshwari Patel), यातायात उपनिरीक्षक अशोक बरवड़े (Traffic Sub Inspector Ashok Barwade) सहित राजस्व, पुलिस और नगर पालिका का अमला बाजार में निकला। इस दौरान पोस्ट आफिस रोड और पटवा लाइन में कार्रवाई की गई।
व्यवस्था सुधारने की कवायद
कल से शहर में त्योहारों पर होने वाली भीड़ को देखते हुए एक बार फिर अतिक्रमण विरोधी मुहिम प्रारंभ की गई है। हालांकि इसमें कोई तोडफ़ोड़ नहीं केवल व्यवस्था सुधारने की मंशा है। जो दुकानदार सड़क पर सामान रखकर यातायात में बाधा पहुंचा रहे हैं, उनके खिलाफ ही चालानी कार्रवाई की जा रही है और उनको ऐसा नहीं करने की हिदायतें दी गई हैं।
नाली पर आ गया दुकान का सामान
प्रशासन की टीम कोविड टीकाकरण और अन्य कार्यों में क्या लगी, दुकानदारों ने पुन: अपनी तय सीमा से बाहर आकर नाली पर काउंटर जमा लिये और सामान सड़क तक फैलाना प्रारंभ कर दिया। इससे त्योहार के दौरान होने वाली भीड़ के कारण आवागमन में परेशानी होने लगी। ऐसे दुकानदारों को हद में रहने की हिदायत के साथ फिर अभियान शुरु किया है।
छांव करने की पॉलिथिन ले गये
पटवा लाइन में दोनों आमने-सामने की दुकानों के बीच दुकानदारों ने बांस और अन्य माध्यमों से पॉलिथिन लगाकर छांव कर रखी थी। प्रशासन की टीम पहुंची और ये सारा सामान जब्त कर लिया। इसके अलावा दुकान से बाहर तक रखा सामान भी भीतर कराया। इस दौरान लगभग 14 लोगों के जुर्माने की रसीद बनाकर करीब 3000 रुपए भी वसूल किये हैं।









