कई साल सत्ता में रहने के बाद जनता के बीच जाने का साहस केवल भाजपा में

कई साल सत्ता में रहने के बाद जनता के बीच जाने का साहस केवल भाजपा में

– संभाग मुख्यालय पर जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता में बोले मंत्री

मदन शर्मा, नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जनसंपर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसा राजनैतिक दल है जो 18 साल सत्ता में रहने के बावजूद दमदारी से जनता के बीच जाने का साहस रखता है। उन्होंने कहा कि हम काम करते हैं, जो लोग काम नहीं करते, जनता के बीच दोबारा जाने से परहेज करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में मध्यप्रदेश में बहुत काम हुए हैं और यह सिलसिला चलता रहेगा, अभी काम की और भी जरूरत है।

वे यहां संभाग मुख्यालय नर्मदापुरम में भारतीय जनता पार्टी की जिलास्तरीय प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। श्री शुक्ल ने कहा है कि विंध्य क्षेत्र जो कभी कांग्रेस और समाजवादियों का गढ़ रहा करता था, वहां भाजपा ने इतने काम किये हैं कि रीवा संभाग में सारी 8 सीटें और क्षेत्र में 30 में से 24 सीटें भाजपा की झोली में डाल दी। यदि काम नहीं किया होता तो इतना बड़ा आशीर्वाद कैसे मिलता? उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ा है और इसे और भी ज्यादा बढ़ाया जा रहा है, शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आ रहा है। सीएम राइस और पीएम श्री स्कूलों के माध्यम से शिक्षा का स्तर बढ़ाया जा रहा है ताकि बच्चे सरकारी स्कूलों में मजबूरीवश पढऩे नहीं आयें बल्कि उनके पालकों में इन स्कूलों में दाखिले के लिए होड़ लगे।

मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि आज देश में कहीं भी महिला सशक्तिकरण की बात होती है तो पहले केंद्र की मोदी सरकार लोगों को याद आती है, उसके बाद मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार का नाम आता है। भाजपा सरकार ने अपने लक्ष्यों में महिला सशक्तिकरण को हमेशा से ही प्राथमिकता दी है। मोदी ने देश की नई संसद के दोनों सदनों से नारी वंदन बिल को पास कराकर नया इतिहास रच दिया है। 27 साल से लटके इस अधिनियम को राज्य सभा में सर्वसम्मति से पास कराना यह दर्शाता है कि मोदी सरकार की नीतियों को विपक्ष भी पसंद करता है। प्रदेश की भाजपा सरकार भी महिला उत्थान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। आज लाडली बहना, लाडली लक्ष्मी योजनाएं प्रदेश की महिलाओं के विकास का आधार बन रही है।

आज मध्य प्रदेश में कन्याओं के पैदा होने से लेकर उनकी पढ़ाई और शादी तक सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता कर रही है। महिला अपराध के प्रति भी सख्त कदम उठाकर सरकार ने सुरक्षा सुनिश्चित की है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत मध्यप्रदेश में 71 लाख से अधिक घरों में शौचालय बने हैं। इसके माध्यम से स्वच्छता की मसाल भी जल रही है और गरीबों को बीमारियों से भी बचाया जा रहा है। भाजपा सरकार ने महिलाओं और बेटियों के दर्द को महसूस किया है इसलिये जल जीवन मिशन के माध्यम से मध्यप्रदेश के 64 लाख से अधिक घरों में स्वच्छ पीने का पानी पहुंचाने का काम किया गया है। भाजपा सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना गरीब-वंचितों के लिए वरदान साबित हो रही है।

मध्य प्रदेश मे आयुष्मान योजना के तहत 30 लाख लोगों का नि:शुल्क उपचार कराया गया है। छोटे किसानों को खाद और बीज खरीदने में सहूलियत रहे, उन्हें कर्ज लेने के लिए मजबूर नहीं होना पड़े इसके लिए भाजपा सरकार ने देश में हर लाभार्थी किसान के खाते में 6,000 रुपये सालाना ट्रांसफर कर रही है। केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि और मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना को मिलाकर अब प्रदेश में लगभग 92 लाख किसानों को 12 हजार रूपये प्रतिवर्ष की आर्थिक सहायता मिलने जा रही है।

CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!
%d bloggers like this: