लॉकडाउन के बाद अब फिर लगने लगा जैविक बाजार

इटारसी। रविवार को पहली लाइन में जैविक बाजार (organic market) लगेगा। कोरोना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन होने के कारण ग्राम सेवा समिति द्वारा आयोजित जैविक उत्पाद बाजार को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया था। अब जैविक बाजार पुन: व्यवस्थित रूप से लगने लगा है। जैविक बाजार में हरदा, होशंगाबाद, नरसिंहपुर और बैतूल जिले के किसान अपने खेतों में उपजाया अनाज, फल, दूध, छांछ, जैविक खाद और सब्जियां लेकर आते हैं। रविवार को हरदा के सबसे बड़े जैविक कृषक, मनोज पटेल भी जैविक दालें और अन्य अनाज लेकर आ रहे हैं।
जैविक बाजार के संयोजक हेमंत दुबे (Hemant Dubay) ने बताया कि रविवार को लगने वाले जैविक बाजार में उपभोक्ताओं को गौ आधारित खेती से उत्पन्न सब्जियां, अनाज, कच्ची घानी तेल, दालें और फल मिलेंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि अपने स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए जहरीले अनाज, फल, सब्जियों को त्याग कर जैविक तरीके से उत्पन्न खाद्य पदार्थ ही अपनायें और बीमारियों में खर्च होने वाला पैसा बचाएं ताकि यह भविष्य के लिए काम आ सके।