इटारसी। मध्य प्रदेश अग्रवाल महिला महासभा, इटारसी इकाई ने आज शासकीय प्राथमिक शाला एवं सिंधी शाला, सूरजगंज में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। महासभा अध्यक्ष प्रलभ अग्रवाल ने बताया कि शाला के सभी 40 बच्चों ने इस दौरान बहुत ही सुंदर डांस और कविता आदि की प्रस्तुति दी।
बच्चों के मनोरंजन और उत्साहवर्धन के लिए महासभा के सदस्यों ने कुर्सी दौड़ और नींबू-चम्मच दौड़ जैसे खेलों का भी आयोजन किया। महासभा की जिला महामंत्री अंशु अग्रवाल ने कहा कि समाज के निचले स्तर से आने वाले इन बच्चों के लिए इस प्रकार के आयोजन बहुत आवश्यक हैं, क्योंकि इससे उन्हें उत्साह और प्रसन्नता मिलती है। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि महासभा भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां लगातार आयोजित करती रहेगी।
प्राथमिक शाला एवं सिंधी शाला के कक्षा 1 से 5 तक के सभी बच्चों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को स्वल्पाहार कराया और उनके उत्साहवर्धन हेतु उपहार भी दिए गए। इस आयोजन में स्कूल की शिक्षिकाओं के साथ महासभा की सचिव रश्मि अग्रवाल, प्रथम उपाध्यक्ष रितु राजेंद्र, मोनिका संजय, मंजू, विनीता, प्रीति कंसल, उमा अग्रवाल, स्वाति मित्तल और स्मृति अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।








