इटारसी। कृषि उपज मंडी में इन दिनों धान और मक्का की बंपर आवक देखने को मिल रही है, जिसके चलते पूरा मंडी परिसर ट्रैक्टर-ट्रालियों से पूरी तरह भर गया है और वाहन खड़े करने तक की जगह नहीं बची है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम निलेश शर्मा ने बुधवार को मंडी का औचक निरीक्षण किया।
मंडी में प्रमुख आंकड़े
मंडी समिति द्वारा जारी दैनिक आवक पत्रक के अनुसार, बुधवार को विभिन्न जिंसों की कुल आवक 44,229 क्विंटल दर्ज की गई, जिसमें कुल 1,024 किसान और 55 व्यापारी शामिल रहे।
- धान : न्यूनतम भाव 3,300 रुपए, अधिकतम भाव 5,040 रुपए और औसत भाव 4,260 रुपए के साथ सर्वाधिक 24,244 क्विंटल की आवक रही, जिसमें 420 किसानों ने हिस्सा लिया।
- मक्का : न्यूनतम भाव 2,320 रुपए, अधिकतम भाव 2,825 रुपए और औसत भाव 2,800 रुपए के साथ 9,620 क्विंटल की आवक दर्ज की गई, जिसमें 306 किसान पहुंचे।
- गेहूं : न्यूनतम भाव 1,604 रुपए, अधिकतम भाव 2,925 रुपए और औसत भाव 2,760 रुपए के साथ 9,290 क्विंटल की आवक रही।
- अन्य जिंस : चना (902 क्विंटल), मूंग (436 क्विंटल), सोयाबीन (273 क्विंटल), उड़द (96 क्विंटल) और सरसों (06 क्विंटल) की भी आवक दर्ज की गई।
किसानों से अपील और प्रशासनिक निर्देश
भारी भीड़ और आवक के दबाव को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम निलेश शर्मा ने मंडी सचिव प्रशांत पांडे को किसानों की सुविधाओं के पुख्ता निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 6 नवंबर से 10 नवंबर तक मंडी बंद रहेगी, इसलिए किसान भाई अपनी उपज लेकर तत्काल मंडी न पहुंचें और 11 नवंबर के बाद ही अपनी फसल लेकर आएं। इसके साथ ही, सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए टीआई सौरभ पांडे को भी यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान निरीक्षण के समय मंडी सचिव प्रशांत पांडे और विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।











