इटारसी। तवा बांध के गेट आज सुबह पूरी तरह से बंद कर दिये गये हैं। लगभग एक सप्ताह तक बांध के गेट 18 आपरेशन के साथ लगातार खुले रहे। तवा बांध में पानी की आवक कम होने पर बांध के गेट बंद कर दिये गये हैं। बांध का जलस्तर आज 31 जुलाई तक 1158 फिट रखना है, इसके बाद 15 अगस्त तक इस लेबल को 1160 रखना है। वर्तमान में तवा बांध का जलस्तर 1159.80 है, अत: बांध प्रबंधन ने गेट बंद करने का निर्णय लेकर गेट बंद कर दिये।
तवा बांध में मानसून सीजन में विभिन्न तारीखों में जलस्तर निर्धारित किये हैं। इनसे ऊपर पानी जाने और बारिश की निरंतरता बनी रहने पर जलद्वार खोलकर पानी छोड़ा जाता है। आज सुबह 11 बजे जलस्तर 1159.80 होने पर बांध के गेट बंद कर दिये हैं। बांध का अधिकतम जलभराव स्तर 1166 फिट है। बांध में वर्तमान में 81.89 फीसद जलभराव हो चुका है। आज सुबह से बांध के जलग्रहण क्षेत्र में बारिश नहीं हुई है, साथ ही पचमढ़ी और बैतूल में भी अधिक वर्षा नहीं होने से बांध में पानी आने की मात्रा कम हो गयी है। अब तवा नदी में पॉवर हाउस के माध्यम से कुल 3600 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
तवा बांध के गेट बंद होने के बाद नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर नर्मदा का जलस्तर भी धीरे-धीरे घटने लगा है। सुबह 10 बजे नर्मदा का जलस्तर 963.10 फिट था, सुबह 11 बजे 963 फिट और दोपहर 12 बजे 962.80 फिट हो गया है।











