ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट कल से, ट्रॉफी का अनावरण और कार्यालय का उद्घाटन भी होगा

इटारसी। अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हॉकी प्रतियोगिता के लिए गांधी मैदान तैयार है। जिला हॉकी संघ देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली हॉकी टीमों के स्वागत के लिए और शहर के हॉकी प्रेमी इन खिलाडिय़ों का मैदान पर दमखम देखने को तत्पर हैं। कल रविवार को दोपहर 12:30 बजे से यहां हॉकी के महाकुंभ का आगाज हो जाएगा।
विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा, मप्र तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे और विधायक प्रतिनिधि जगदीश मालवीय, श्रीमती हेमेश्वरी पटले, सीएमओ एवं सचिव आयोजन समिति, आठ दिन तक चलने वाली हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे।
जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष प्रशांत जैन ने बताया कि रविवार को दोपहर 12:30 बजे सबसे पहले जिला हॉकी संघ के कार्यालय का उद्घाटन होगा। इसके बाद गांधी मैदान में प्रतियोगिता के लिए ट्रॉफी का अनावरण, फीडर सेंटर के बच्चों को किट वितरण के साथ प्रतियोगिता प्रारंभ हो जाएगी।
डीएचए के सचिव कन्हैया गुरयानी ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने बाहर की टीमों का आना प्रारंभ हो गया है। मैदान पूरी तरह से बनकर तैयार है, कल रविवार को यहां अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के मैच प्रारंभ हो जाएंगे।
उन्होंने हॉकी प्रेमियों से आग्रह किया है कि गांधी मैदान में अपनी उपस्थिति देकर हॉकी का आनंद उठायें और खिलाडिय़ों की हौसला अफजायी करें।