इटारसी। सामाजिक एकता, सहयोग और गौरवशाली संस्कारों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राजपूत समाज इटारसी 15 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे से कवि भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। यह आयोजन देशभर से समाजजनों को एक मंच पर लाकर वैवाहिक संबंधों के साथ-साथ आपसी जुड़ाव और एकजुटता को भी सशक्त करेगा।
वैवाहिक परिचय के साथ सांस्कृतिक उत्सव
यह सम्मेलन केवल युवक-युवतियों के वैवाहिक परिचय का मंच नहीं, बल्कि राजपूत समाज की गौरवशाली परंपरा और संस्कृति का उत्सव होगा। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य योग्य जीवनसाथी की तलाश कर रहे युवाओं और उनके अभिभावकों को एक ही स्थान पर परिचय का अवसर प्रदान करना है, जिससे समाज में विवाह योग्य रिश्तों की प्रक्रिया सुगम हो सके।
संयोजक मनीष ठाकुर ने बतया कि सम्मेलन के लिए बायोडाटा एवं रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 1 नवंबर से शुरू हो जाएगी।इस अवसर पर एक विशेष परिचय पुस्तिका (बुक) भी प्रकाशित की जाएगी। इस पुस्तिका में सभी पंजीकृत युवक-युवतियों का संक्षिप्त परिचय और बायोडाटा शामिल होगा, जो प्रतिभागियों और अभिभावकों के लिए रिश्तों की तलाश में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।
आमंत्रण और संपर्क
आयोजन से संबंधित समस्त जानकारी, प्रचार सामग्री और पंजीकरण लिंक राजपूत समाज इटारसी की वेबसाइट, फेसबुक पेज और सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स पर उपलब्ध कराई जाएगी। श्री ठाकुर ने देशभर के समाजजनों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में इस ऐतिहासिक आयोजन में भाग लेकर समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।








