---Advertisement---

अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हॉकी प्रतियोगिता 5 जनवरी से

By
On:
Follow Us
Bachpan play school advertisement
  • – सेना, रेलवे, बैंक, एकेडमी और साई हॉस्टल जैसे संस्थानों की टीमें शामिल होंगी
  • – अभा हॉकी प्रतियोगिता के लिए सीनियर खिलाडिय़ों की देखरेख में मैदान हो रहा तैयार
  • – देश की विभागीय और क्लब हॉकी टीमों को किया जा रहा प्रतियोगिता में आमंत्रित

इटारसी। अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हॉकी प्रतियोगिता की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रतियोगिता के लिए करीब एक पखवाड़े से सीनियर खिलाडिय़ों की देखरेख में मैदान तैयार करने का काम किया जा रहा है। प्रदेश के बेहतरीन पुराने हॉकी मैदानों में से एक इटारसी के इस मैदान को तैयार करने में खिलाड़ी रातदिन एक करते हैं, तब यह मैदान हॉकी मुकाबलों के लिए तैयार हो पाता है।

पिछले करीब एक पखवाड़े से ग्राउंड का समतलीकरण, सफाई, सिंचाई, रोलर आदि करके इसे खेल के लिए तैयार किया जा रहा है। जिला हॉकी संघ के सचिव कन्हैया गुरयानी, अपनी साथी खिलाडिय़ों के साथ दिन रात मैदान तैयार करा रहे हैं।

देश की नामी टीमों से संपर्क

जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों के मध्य कार्य विभाजन होने के बाद देश की नामी टीमों से संपर्क प्रारंभ कर दिया है और अधिकांश टीमों ने प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए मंजूरी भी दे दी है। डीएचए के अध्यक्ष प्रशांत जैन ने बताया कि हमारा प्रयास है कि इस प्रतियोगिता में सेना, रेलवे, एकेडमी, बैंक और साई जैसे संस्थानों की बेहतरीन टीमें शामिल हों ताकि इटारसी के हॉकी प्रेमी दर्शकों को खेल का भरपूर लुत्फ मिल सके।

दो दर्जन टीमें आने की उम्मीद

अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में देश की टीमों के अलावा प्रदेश की भी अच्छी टीमों को आमंत्रित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में इस वर्ष हॉकी प्रेमियों को लगभग दो दर्जन टीमों के मध्य मुकाबले देखने को मिलेंगे। अधिकांश टीमों से संपर्क किया जा चुका है। उनके रहने सहित अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। इस वर्ष हॉकी क्लब को भी आमंत्रित किया जा रहा है ताकि नगर के खेल प्रेमियों को हॉकी के दिलचस्प मुकाबले देखने को मिलें।

5 जनवरी से होगी प्रतियोगिता

नगर पालिका परिषद इटारसी के तत्वावधान में हॉकी नर्मदापुरम इटारसी के सहयोग से इस वर्ष अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का आगाज 5 जनवरी से गांधी स्टेडियम के मैदान पर होगा। प्रतियोगिता में लगभग एक सप्ताह दर्शकों को हॉकी खेल का भरपूर मनोरंजन मिलेगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 12 जनवरी, रविवार को होगा। प्रतियोगिता में आने वाली टीमों के नामों की अंतिम सूची जल्द ही जारी की जाएगी।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Advertisement

Rashtra Bharti School, Itarsi
error: Content is protected !!